जिस लड़की से वो बात करता था, उससे और भी लड़के बात करते थे; लव अफेयर में युवक की हत्या
भागलपुर जिले के कहलगांव में एक युवक का शव मिला है, जिसकी प्रेम प्रसंग मेें हत्या की आशंका है। भाई ने आरोप लगाया कि मृतक की गर्लफ्रेंड से और भी लड़के बात करते थे, उन्होंने ही मर्डर कर दिया।

बिहार के भागलपुर जिले में एक युवक की सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, फिर शव को रेलवे पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। कहलगांव थाना पुलिस को शुक्रवार को कैरिया पंचायत के सौर गांव के पास उसका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक का मर्डर किया गया। मृतक की पहचान रसलपुर थाना क्षेत्र के भोलसर गांव निवासी 18 वर्षीय रॉबिन सिंह के रूप में हुई है। उसके भाई ने बताया कि रॉबिन जिस लड़की से बात करता था, उससे और भी लड़के बात करते थे। लव अफेयर के चलते उन्हीं लड़कों ने उसे मार दिया होगा।
युवक का चेहरा हत्यारों ने बुरी तरह से कुचल दिया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। शव से कुछ ही दूरी पर पुलिस को उसका मोबाइल भी मिला। फोन से ही पुलिस ने शव की पहचान की। मृतक रॉबिन के छोटे भाई जॉनी ने बताया कि उनके घर के पास दुर्गा स्थान परिसर में यज्ञ हो रहा है। रॉबिन गुरुवार रात साढ़े 8 बजे तक मेले में एक पान की दुकान पर बैठा हुआ था। फिर किसी का फोन आया और वह 10 मिनट में वापस आने का बोलकर निकल गया। इसके बाद उसे किसी ने नहीं देखा।
शुक्रवार की सुबह शव मिलने कि सूचना मिली तो परिवार के लोग वहां गए, वहां रॉबिन को उन्होंने मृत पाया। रॉबिन की हत्या पत्थर से सिर और चेहरे पर मारकर की गई। उसके मुंह और सिर को कूचकर क्षत-विक्षत किया गया है। उसके शरीर की कई हड्डियां भी तोड़ दी गई। एसडीपीओ कल्याण आनंद ने बताया कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के छोटे भाई ने यह भी बताया कि रॉबिन कभी-कभार शराब भी पीता था। उसे बाइक चलाने नहीं आती थी। वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा, यह उन्हें नहीं पता है।