आरा से चिराग का शंखनाद, मुजफ्फरपुर में कुशवाहा का शक्ति प्रदर्शन; बिहार का सियासी संडे
बिहार एनडीए के सहयोगी चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा रविवार यानी 8 जून को चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं। लोजपा (आर) की शाहबाद में नव संकल्प महासभा और उपेंद्र कुशवाहा की संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली का आगाज होगा। जिसें लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान के बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं। रविवार 8 जून को लोजपा (रामविलास) की शाहाबाद क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा होगी। जिसको चिराग पासवान संबोधित करेंगे। आरा में होने वाली इस रैली पर बिहार की राजनीति की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं दूसरी तरफ एनडीए के एक और सहयोगी उपेंद्र कुशवाही की राष्ट्रीय लोक मोर्चा मुजफ्फरपुर में रैली करने जा रही है। जिसे संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली नाम दिया गया है। एनडीए के दो सहयोगी दलों की रविवार को होने वाली रैलियों का क्या चुनावी संदेश होगा ये भी जानना जरूरी है।
चिराग पासवान के शाहाबाद क्षेत्र में चुनावी रैली करने के पीछे सोचीज-समझी रणनीति मानी जा रही है। 2020 चुनाव में शाहाबाद में एनडीए का प्रदर्शन बेहद ही खराब था। यहां की 20 सीटों में एनडीए ने मात्र दो सीटें ही जीती थी। 20 सीटों पर महागठबंधन ने कब्जा जमाया था। वहीं लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र की चारों सीटें सासाराम, काराकाट, आरा और बक्सर एनडीए हार गई थी। ऐसे में हारे हुए किले को जीतना एनडीए के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
आठ जून को लोजपा रामविलास पार्टी की होने वाली नव संकल्प महासभा को ऐतिहासिक बनाने की बात सांसद अरुण भारती ने कही। इसके लिए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। बताया जा रहा कि एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचन की उम्मीद है। बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के नारे को चिराग एकबार फिर से बुलंद करेंगे।
पार्टी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष शाहाबाद के किसी भी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भी रखा गया है। पार्टी के बिहार प्रदेश प्रभारी और सांसद अरुण भारती भी कई बार उनके विधानसभा लड़ने को लेकर बोल चुके हैं। वहीं, चिराग पासवान ने भी पार्टी के फैसले के आधार पर विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके है। उनके सामान्य सीट से भी चुनाव लड़ने की चर्चा है।
वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा की 8 जून को मुजफ्फरपुर में आयोजित 'संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली' का उद्घाटन पार्टी सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा करेंगे। महारैली में 13 जिलों से कार्यकर्ता शामिल होंगे। महारैली के प्रचार के लिए रालोमो के चार रथ तिरहुत, सारण और दरभंगा प्रमंडल क्षेत्र में चक्कर लगा रहे हैं।
वहीं इस बीच एनडीए में सीट बंटवारे का फॉर्मूला भी तय हो गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि जेडीयू को 102 से 103 सीटें, बीजेपी को 101 से 102 सीटें, जबकि लोजपा रामविलास को 25 से 28 सीटें, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 6 से 7 सीट और राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी को चार से पांच सीटें देने पर सहमति बनी है।