दिल से पुकारने पर अपने भक्तों की मुराद पूरी करते हैं भगवान
बहेड़ी में लोरिक धाम में राधाकृष्ण महायज्ञ का समापन पूजा-हवन के साथ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। यज्ञाचार्य कौशल किशोर दासजी ने पूर्णाहुति दी। 9 से 13 मई तक लोरिक महोत्सव में कई...

बहेड़ी। प्रखंड क्षेत्र के वनडिहुली गांव के लोरिक धाम में गुरुवार को राधाकृष्ण महायज्ञ के अंतिम दिन गुरुवार को पूजा-हवन के साथ ही महायज्ञ को पूर्णाहुति दी गई। हजारों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते हुए अपने आप को पुण्य का भागीदार बनाया। यज्ञाचार्य कौशल किशोर दासजी महाराज ने वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-हवन के साथ मंत्रोच्चार करते हुए पूर्णाहुति दी। वृन्दावन की कथा वाचिका राधा किशोरीजी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने दिल से पुकारने वाले अपने सभी भक्तों की मनोकामना को पूरा किया। उन्होंने राधा, रुक्मणी, सत्यभामा, जामवंती आदि कई युवतियों से विवाह करते हुए उनकी मनोकामना पूर्ण की थी।
वीर लोरिक ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि नौ से 13 मई के बीच लोरिक महोत्सव को लेकर हिंदी, मैथिली व भोजपुरी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम करेंगे। इस कार्यक्रम में कई नामी-गिरामी हिंदी, मैथिली व भोजपुरी कलाकार जलवा बिखेरेंगे। शुक्रवार को भोजपुरी कलाकार सोनम शर्मा और ओमप्रकाश की प्रस्तुति होगी। वीर लोरिक ट्रस्ट के संस्थापक रामदयाल दास ने बताया कि दर्जनों गांवों के लाखों श्रद्धालुओं के साथ ही वनडिहुली गांव के सभी श्रद्धालु धन्यवाद के पात्र हैं, जिन्होंने महायज्ञ के संचालन में अपना सहयोग दिया। वीर लोरिक ट्रस्ट के सचिव रमेश कुशवाहा, आयोजन समिति के अध्यक्ष रामानंद यादव व महासचिव श्याम सुंदर यादव, भागवत कथा के मुख्य यजमान ध्यानी मंडल, ललित यादव, राम बहादुर यादव आदि लोगों ने बताया कि 8वां श्रीराधाकृष्ण महायज्ञ की गुरुवार को पूर्णाहुति हो गयी। उन्होंने बताया कि लोरिक धाम के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो जाने से स्थानीय लोगों सहित सैकड़ों लोगों को रोजगार का अवसर भी उपलब्ध होगा। बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग से लोरिक महोत्सव के लिए 20 लाख रुपये का अनुदान मिलने से आयोजन समिति में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। शुक्रवार से 13 मई तक लोरिक महोत्सव का कार्यक्रम चलेगा। रामलीला पार्टी के संचालक मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के नरहिया के ललित यादव ने बताया कि रामलीला के मंचन में रावण वध का भव्य मंचन किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।