पार्षद कोष का गठन करने की उठायी मांग
लहेरियासराय में प्रमंडलीय पार्षद महासंघ की बैठक में पारित प्रस्तावों को पूरा न करने पर पार्षदों ने रोष प्रकट किया। पार्षदों ने मांग की कि उनके अधिकारों का उल्लंघन रोका जाए और भत्ते व पेंशन में वृद्धि...

लहेरियासराय। प्रमंडलीय पार्षद महासंघ की कोर कमेटी की बैठक रविवार को हुई। इसमें गत एक दिसंबर को प्रमंडलीय पार्षद महासंघ के महासम्मेलन में पारित प्रस्ताव नहीं पूरा करने पर रोष प्रकट किया गया। इस दौरान दरभंगा, मधुबनी व समस्तीपुर के सैकड़ों पार्षद दरभंगा ऑडिटोरियम में जुटे थे। वहां सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ था कि आम जनों की समस्याएं पूरी नहीं होती हैं। पार्षद लोकतंत्र में उसी जनता के वोट से जीतकर आते हैं जिस वोट से सांसद, विधायक, विधान पार्षद, महापौर, उप महापौर बनते हैं। लेकिन उसके बावजूद पार्षद जनता की किसी अपेक्षा को पूरा करने में सेतु की भूमिका नहीं निभा पाते हैं। वे जनता के आक्रोश के शिकार होते रहते हैं। पार्षदों की मांग है कि पार्षद कोष का गठन हो, जिसमें चापाकल के वाशर से लेकर नल की टोंटी तक लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार नगरपालिका एक्ट 2007 के तहत मिले अधिकारों का अधिकारी और उच्च जनप्रतिनिधि हनन करते हैं और पाषर्दगण इसके शिकार होते हैं, इस पर रोक लगाने की मांग की गई थी। साथ ही सभी पार्षदों को दिया जाने वाला भत्ता काफी कम है, इसमें बढ़ोतरी से लेकर उनके पेंशन बहाली की भी मांग की गई थी। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सभापति, नेता विरोधी दल को डीएम के माध्यम से छह दिसंबर को सूचना दी गई थी। लेकिन चार महीने बाद भी संज्ञान नहीं लिया गया। अंतत: सभी निकायों से एक-एक जनप्रतिनिधि सहित पार्षदों की 31 सदस्य कोर कमेटी की बैठक हुई और यह नर्णिय लिया गया कि चार दिनों के अंदर नगर विकास मंत्री के माध्यम से उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो तीन मई को दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर मुख्यालय पर सांकेतिक धरना दिया जाएगा।
इसके बाद भी अगर उनकी मांगों पर विचार नहीं होता है तो 14 मई को दरभंगा, मधुबनी व समस्तीपुर के पार्षद प्रमंडलीय पार्षद महासंघ बैनर तले पटना कूच करेंगे। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत दरभंगा नगर निगम के पार्षदों ने अंगवस्त्र और फूल देकर किया। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय पार्षद महासंघ के अध्यक्ष राजीव कुमार ने की। बैठक में मधुबनी व समस्तीपुर नगर निकायों के पार्षद थे। मंच संचालन पार्षद महासंघ के सचिव नवीन सन्हिा ने किया। मौके पर प्रमंडलीय पार्षद महासंघ दरभंगा नगर निगम के कोषाध्यक्ष रियासत अली सहित विकास कुमार, चांदनी देवी, रवि रोहन, रिंकू कुमारी, पिंकी देवी, सुभाष कुमार सौरभ, चांदनी देवी, राजू पासवान, इत्यादि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।