मुजफ्फरपुर में डॉक्टर और पत्नी की बीच सड़क बेल्ट से पिटाई, रोडरेज में रंगदार गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर में बुधवार रात रंगदारों ने रोडरेज में एक डॉक्टर और उसकी पत्नी की बीच सड़क बेल्ट और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के मुजफ्फरपुर में रोडरेज में एक डॉक्टर दंपति की रंगदारों ने बीच सड़क पिटाई कर दी। पति-पत्नी को उनके बच्चों के सामने बेल्ट और डंडों से पीटा गया। आरोपियों ने डॉक्टर दंपति से पूर्व में रंगदारी भी मांगी थी। मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के विजय छपरा का है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी पप्पू सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बुधवार रात साढ़े 10 बजे की है। पप्पू सहनी पर पर एक अन्य अस्पताल में भी घुसकर स्टाफ से मारपीट करने का आरोप है।
पीड़ित डॉक्टर अभिषेक दरभंगा फोरलेन स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने एक परिचित कन्हैया झा के यहां पूजा समारोह में शामिल होकर शाहबाजपुर स्थित घर लौट रहे थे। गाड़ी में उनकी पत्नी और बच्चे भी थे। स्थानीय रंगदार पप्पू सहनी ने बांध वाले रास्ते पर बीच सड़क पर काली रंग की स्कार्पियो कार खड़ी कर रखी थी। पीछे से आए डॉक्टर ने गाड़ी साइड करने के लिए कई बार हॉर्न बजाया तो स्कॉर्पियो से रसूलपुर सलीम निवासी पप्पू सहनी, भरत कुमार सहनी, झपहां के राजन कमार, बोचहां के संजय राय एवं अन्य लोग उतरकर आए।
डॉक्टर का आरोप है कि पप्पू सहनी नशे में था। उसने गाली-गलौज करते हुए डॉक्टर पर धौंस जमाई। फिर कहा कि बार-बार हॉर्न क्यों बजा रहे हो। आरोपी ने डॉक्टर से कहा, "तुम्हें रंगदारी देने के लिए कहा था। तुमने पैसे क्यों नहीं भिजवाए।" आरोपी ने डॉक्टर को जान से मारने की धमकी भी दी। डॉक्टर ने पत्नी और बच्चे साथ होने का हवाला देकर उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाई। मगर आरोपी माने नहीं।
आरोपियों ने डॉक्टर अभिषेक को गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और बेल्ट, डंडा और लात-घूंसों से जमकर पिटाई करने लगे। इस दौरान पत्नी ने गाड़ी से उतरकर अपने पति को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोपियों ने उसकी भी बेल्ट से पिटाई कर दी। मारपीट होते देख गाड़ी में बैठे बच्चे सहम गए। मारपीट में डॉक्टर अभिषेक घायल हो गए। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे। लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अहियापुर थानेदार रोहन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफआईआर दर्ज होने के बाद छापेमारी कर रंगदार पप्पू सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पप्पू सहनी स्थानीय रंगदार है। अस्पताल संचालकों से रंगदारी वसूलने को लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। नोबल हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर राजीव ने 10 लाख रुपए की रंगदारी में पप्पू साहनी पर बीते महीने केस दर्ज कराया था। उसने पिस्टल दिखाकर नोबेल हॉस्पिटल में घुसकर चिकित्सा कर्मियों के साथ मारपीट की थी और अस्पताल को दो दिनों तक बंदकराएरखाथा।