जन सुराज पार्टी की बिहार बदलाव रैली ऐतिहासिक होगी : अभिराम शर्मा
जहानाबाद, कार्यालय संवाददाता। जहानाबाद और अरवल जिले के सभी प्रखंडों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता बिहार बदलाव रैली में भाग लेने के लिए पटना जाएंगे।

जहानाबाद, कार्यालय संवाददाता। जन सुराज पार्टी के अरवल जिला प्रभारी और कोर कमेटी के सदस्य अभिराम शर्मा ने कहा कि जन सुराज पार्टी के द्वारा 11 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार बदलाव रैली ऐतिहासिक होगी। पूरे बिहार में रैली को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है। जहानाबाद और अरवल जिले के सभी प्रखंडों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता बिहार बदलाव रैली में भाग लेने के लिए पटना जाएंगे। श्री शर्मा ने कहा कि बिहार में कई दशकों से जड़ जमाए बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन जैसे ज्वलंत मुद्दों के खिलाफ 11 अप्रैल को पटना में बिहार बदलाव रैली होने जा रही है। उन्होंने बताया कि रैली बिहार की राजनीति में नई दिशा तय करने वाली साबित होगी। रैली को एक बड़े जन आंदोलन के रूप में देखा जा रहा है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के नेतृत्व में हो रही इस रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जहानाबाद और अरवल से लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने और रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि यह रैली न केवल बिहार की समस्याओं को उजागर करेगी, बल्कि एक बेहतर भविष्य के लिए ठोस विकल्प भी पेश करेगी। रैली को लेकर सोशल मीडिया पर भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्री शर्मा ने दावा किया कि यह बिहार के इतिहास की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी। गांधी मैदान में लाखों की भीड़ जुटेगी, जो राज्य की मौजूदा व्यवस्था के खिलाफ अपनी हुंकार बुलंद करेगी। श्री शर्मा ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से इस रैली में शामिल होने की अपील की और कहा कि बिहार की जनता अब बिहार बदलाव रैली का इंतजार कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।