जहाना गांव में पक्षों के बीच जमीनी विवाद में गोलीबारी, छह नामजद
जहाना गांव में पक्षों के बीच जमीनी विवाद में गोलीबारी, छह नामजद

हलसी, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरारी इमामनगर पंचायत के जहाना गांव में गुरुवार की देर रात दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान गोली भी चली है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जहाना गांव निवासी स्वर्गीय बनारसी यादव के पुत्र गुलेश्वर यादव का हारो यादव के पुत्र राजबल्लभ यादव, खेलावन यादव के पुत्र अखिलेश कुमार का 23 डिसमिल जमीन को लेकर पूर्व से ही विवाद चल रहा था। इससे पूर्व भी दोनों में मारपीट हुई थी और दोनों पक्ष से हलसी थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था। जिसके बाद गुलेश्वर यादव द्वारा एसडीम कोर्ट में अपील किया गया।
जहां एसडीम कोर्ट द्वारा निर्गत आदेश के बाद बीते मंगलवार को रामगढ़ चौक अंचल अधिकारी निशांत कुमार तथा हलसी थाना की पुलिस दलबल के साथ पहुंचकर खाता संख्या 34, खसरा 1277, रकबा 23 डिसमिल का मापी कराकर गुलेश्वर यादव को हैंड ओवर किया। जहां गुलेश्वर यादव उक्त जमीन पर अपना कार्य करना शुरू किया था कि गुरुवार की देर रात दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा विरोध किया जाने लगा। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मारपीट के साथ गोली चलने लगी। सूत्रों को माने तो मारपीट के दौरान लगभग एक दर्जन राउंड गोली चली है। परंतु गोली चलने से किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। वहीं, गुलेश्वर यादव के रिश्तेदार उपेन्द्र यादव के साथ मारपीट की गई। जिससे वे घायल हो गए। जिसके बाद इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उपचार किया जा रहा है। घायल उपेन्द्र यादव ने बताया कि अपने भगना गुलेश्वर यादव के यहां आए थे। गुरुवार की देर रात घर के बाहर सो रहे थे, तभी जहाना गांव के राजबल्लभ यादव ने खंती से सर पर वार कर दिया। जहां उसके साथ रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिए, लेकिन उसके साथ और भी लगभग बीस से तीस लोग थे और सभी गाली-गलौज करते हुए गोली चलाने लगे, जिसके डर से उसे छोड़ दिए। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि जहाना गांव में देर रात गोली चली है। गोली किसी को लगी नहीं है। एक व्यक्ति मारपीट में घायल हुए हैं। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा, दो जिंदा कारतूस मिला है। घायल उपेन्द्र यादव के द्वारा आठ नामजद तथा चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध आवेदन दिया गया। जिस पर मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।