शहर में सफाई व्यवस्था चरमरायी कचरे के अंबार से जीना हुआ मुहाल
मधुबनी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। नालों में जाम कचरा और मोहल्लों में फैली गंदगी ने नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। कई स्थानों पर कचरा जस का तस पड़ा है, जिससे स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही...
मधुबनी, निज संवाददाता। शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। नालों में जाम कचरा और मोहल्लों में फैली गंदगी ने नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड 23, सूरतगंज, महिला कॉलेज रोड और धोबिया टोल पोखर के पास समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर कई दिनों से कचरा जस का तस पड़ा हुआ है। मुख्य सड़कों पर कचरा फैले होने के कारण लोगों का आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। सूरतगंज निवासी राधा देवी ने बताया कि उनके मोहल्ले में पिछले कई महीनों से कचरा पड़ा हुआ है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। धोबिया टोल पोखर के पास की सड़क पर रहने वाले करीब 25 घरों की हालत बद से बदतर हो गई है। शहर में गंदगी को लेकर बढ़ रही नाराजगी : शहर का निरीक्षण करने निकले नगर विधायक समीर कुमार महासेठ ने जगह-जगह फैले कचरे को देखकर नगर निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि एजेंसी को सफाई के लिए 78 लाख रुपये प्रतिमाह का ठेका दिया गया है। लेकिन शहर की हालत लगातार बद से बदतर होती जा रही है। इन्होंने कहा कि नगर प्रशासन को नागरिकों की समस्याओं की जिम्मेवारी लेनी पड़ेगी।
कचरा के कारण कई स्थानों से नहीं निकला पानी: शुक्रवार को दोपहर बाद तक शहर के एक दर्जन से अधिक स्थानों से पानी नहीं निकाला जा सका है। जबकि डिवाटरिंग मशीन, पंप सेट व शॉकिंग मशीन को जलनिकासी के लिए लगाया गया है। केनाल तो कचरा से डंप है ही। इसकी सफाई के लिए नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी द्वारा जारी गाइड लाइन व रोड मैप पर एजेंसी ने एक सप्ताह बीतने के बाद भी काम नहीं शुरू किया है। एजेंसी निगम प्रशासन के आदेश को धत्ता बता रहा है।
वहीं नाला भी कचरा से पटा हुआ है। इसकारण वार्ड 35 में मुख्य सड़क पर एक फीट से अधिक पानी लगा हुआ है। मनहर मोहल्ला, राघोनगर व हॉस्पीटल रोड में सफाई के नाम पर महज खानापूरी हो ही है, इसकारण जलजमाव गंभीर संकट बना हुआ है। गदियानी की बदतर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
एजेंसी को नाला व केनाल सफाई का आदेश दिया गया है। हर स्थानों से जलनिकासी के लिए काम किया जा रहा है। शीघ्र ही जलजमाव की समस्या का समाधान हो जायेगा।
-राजमणि कुमार, नगर प्रबंधक
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।