वार्ड आठ में मुख्य सड़क और नाले का निर्माण शुरू, होगी सुविधा
मधुबनी में 15 सालों से जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। गदियानी से बुबना मंदिर तक की यह मुख्य सड़क जानलेवा गड्ढों से भरी थी, जिससे कई लोग घायल हो चुके थे। महापौर अरुण राय ने नगर निगम को...
मधुबनी, निज संवाददाता। लगभग 15 सालों से नाला विहीन मुख्य जर्जर सड़क जानलेवा बनी थी। गदियानी से बुबना मंदिर होते हुए आगे जाने वाली मुख्य सड़क में स्कूल व सुधा फैक्टरी के पास बना गड्ढा जानलेवा बना था। जिसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बूडको की इस जर्जर सड़क की हालत और उपेक्षा को देखते हुए महापौर अरुण राय ने नगर निगम से ही इसके निर्माण के लिए त्वरित निर्देश दिया और आखिरकार इसका निर्माण कार्य गुरुवार को शुरू हो गया है। वार्ड पार्षद बद्री प्रसाद राय ने बताया कि वार्ड चार, आठ व नौ की सीमा की यह सड़क इतनी जर्जर व जानलेवा बन गयी थी कि प्रतिदिन इसमें आधे दर्जन से अधिक बाइक, ई रिक्शा व रिक्शा पलट जा रही थी।
कई लोग इसमें गिरकर जख्मी हो गये थे। यहां पर दो स्कूल है। लेकिन सड़क की जर्जरता के कारण प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हर जगह शिकायत के बाद भी इसका समाधान विधायक, सांसद, बूडको या अन्य स्तरों पर नहीं हो पाया। निगम ने इसका निर्माण शुरू किया है, जिससे सैकड़ों लोगों को राहत मिली है। क्योंकि यह मुख्य सड़क है और राजनगर, कलुआही, खजौली व अन्य प्रखंडों में जाने के लिए बाइक व छोटे वाहन वाले इसका सहज उपयोग हमेशा करते रहे हैं। इन्होंने बताया कि 200 फीट में सड़क व 600 फीट में नाला का निर्माण कार्य होगा। सड़क व आसपास का पानी सीधे केनाल में जायेगा। निर्माण कार्य होने पर गणेश महरान, गोविन्द कुमार, नवीन कुमार सिंह, शंकर साह, विश्वकर्मा भगत, सूरज कुमार साह व अन्य ने हिन्दुस्तान के द्वारा बोले मधुबनी में इस समस्या को स्थान दिये जाने की सराहना की। स्थानीय निवासी राज कुमार मल्लिक व छोटू मल्लिक ने बताया कि गड्डे में हमेशा पानी रहने से स्थानीय बच्चे प्रतिदिन इसमें गिरकर जख्मी हो रहे थे। इन्होंने बोले मधुबनी के द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाये जाने की सराहना की। यहां की इन गंभीर समस्याओं को हिन्दुस्तान में बीते 11 मई को बोले मधुबनी में ‘सड़क और नाला जैसी जरूरी सुविधा के लिए भी गुहार लगाने की बेबसी शीर्षक से प्रकाशित की गयी थी। जिसे निगम प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया और्रप्राथमिकता के तौर पर इसका समाधान किया गया है। इस पहल के लिए सभी ने हिन्दुस्तान को धन्यवाद दिया है। वार्ड पार्षद बद्री राय ने बताया कि इन समस्याओं को महापौर ने व्यक्तिगत रुप से काफी गंभीरता से लिया और निगम के द्वारा इसका निर्माण आज शुरू हो सका है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।