बेगूसराय में ही रहेगा मक्का अनुसंधान केंद्र, विपक्ष भ्रम फैला रहा; शिवराज सिंह चौहान ने साफ कह दिया
बेगूसराय से मक्का अनुसंधान केंद्र बदले जाने की अटकलों के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ कर दिया है कि मक्का अनुसंधान संस्थान बिहार में ही रहेगा। कर्नाटक में नया सेंटर खुलेगा। विपक्ष तो भ्रम फैलाने में माहिर है।

बिहार के बेगूसराय से मक्का अनुसंधान केंद्र कर्नाटक शिफ्ट किए जाने की अफवाहों पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने साफ कर दिया है, कि मक्का अनुसंधान केंद्र बेगूसराय में ही रहेगा। कर्नाटक ट्रांसफर नहीं होगा। वहां नया संस्थान खोला जाएगा। विपक्ष भ्रम फैलाने में मास्टर है। लेकिन ये मोदी सरकार है, हम छीनते नहीं है, नया देने का काम करते हैं।
लोकसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने मक्का अनुसंधान केंद्र को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होने कहा कि बेगूसराय मुक्का अनुसंधान संस्थान कर्नाटक शिफ्ट नहीं किया जाएगा। कर्नाटक में नया केंद्र खोला जाएगा। विपक्ष तो भ्रम फैलाने में माहिर है। इससे पहले बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी बताया था कि इस मामले को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। इस संबंध में 17 जनवरी 2025 को ही कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनकी टेलीफोनिक वार्ता हो चुकी थी। इसमें मक्का अनुसंधान केंद्र को बेगूसराय में ही बनाए रखने की बात रखी गई थी। जिसकी केंद्रीय कृषि मंत्री ने भी आज पुष्टि कर दी।
आपको बात दें एक इस मामले को लेकर एक पत्र वायरल हो रहा था। 31 दिसंबर 24 को जारी पत्र में बीवाई राघवेंद्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेगूसराय स्थित राष्ट्रीय मक्का अनुसंधान केंद्र के क्षेत्रीय केंद्र के कर्नाटक के शिवमोग्गा में शिफ्ट होने की चर्चा की है। हालांकि हिन्दुस्तान ने इस वायरल पत्र की पुष्टि नहीं की थी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पत्र को शेयर करते हुए लिखा है कि आखिर बिहार और बिहार के किसानों से क्या दिक्कत है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए व भाजपा को। एनडीए सरकार बिहार और बिहारियों की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है। जिसके बाद बिहार राज्य किसान सभा (जमाल रोड) के अध्यक्ष और बेगूसराय के पूर्व विधायक राजेन्द्र प्रसाद सिंह, जिला किसान कौंसिल बेगूसराय की ओर एक विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि मक्का अनुसंधान केन्द्र शिफ्ट हुआ तो इसका विरोध होगा।