मर्चेंट नेवी कैप्टन संजीव सिंह का जहाज पर हार्ट अटैक से मौत, शोक
संग्रामपुर के कैप्टन संजीव कुमार सिंह (45 वर्ष) का शुक्रवार सुबह अटलांटिक महासागर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह रामपुर पंचायत के मौजमपुर गांव के निवासी थे और प्रेसिडेंट कलाम मेमोरियल स्कूल के...

संग्रामपुर, एक संवाददाता। मर्चेंट नेवी में कैप्टन संजीव कुमार सिंह(45 वर्ष) का शुक्रवार की सुबह अटलांटिक महासागर में अमेरिका से बहामास जाने के दौरान जहाज पर हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह संग्रामपुर प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत मौजमपुर गांव के शंकर प्रसाद सिंह के पुत्र थे। उनके निधन की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। कैप्टन संजीव कुमार सिंह के निधन की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर लोगों का तांता लग गया। उनके निधन की खबर से लोग स्तब्ध थे। संजीव कुमार सिंह सैनिक स्कूल से पढ़ाई के बाद मर्चेंट नेवी को ज्वाइन किया और कैप्टन के पद पर थे। व्यस्त जीवन के बावजूद वह समाज और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रयासरत रहते थे। उन्होंने मौजमपुर में प्रेसिडेंट कलाम मेमोरियल स्कूल की स्थापना की थी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। उनके छोटे भाई अमित चंद्रा ने बताया कि संजीव मार्च में तीन महीने की छुट्टी पर घर आए थे, लेकिन अप्रैल के पहले सप्ताह में एक मालवाहक जहाज पर कैप्टन की आवश्यकता पड़ने पर कंपनी ने उन्हें बुलावा भेजा। 20 दिन बाद ही वापस लौट गये। शुक्रवार की सुबह अटलांटिक महासागर में हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। परिजनों के अनुसार, सुबह 4 बजे उन्होंने पत्नी तृप्ति सिंह से वीडियो कॉल पर बात कर बताया था कि सीने में दर्द है। वह आराम करने जा रहे हैं। कैप्टन संजीव अपने पीछे पत्नी तृप्ति सिंह, दो पुत्रियां छोड़ गये हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।