बारिश से बदला मौसम का मिजाज, कई जगह हुआ जलजमाव
किशनगंज में शुक्रवार की सुबह बारिश ने गर्मी से राहत दी, लेकिन जलजमाव की समस्या भी उत्पन्न कर दी। सुबह 5 बजे से बारिश शुरू हुई और 11 बजे तक जारी रही। बारिश के कारण मुख्य सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन...

किशनगंज, संवाददाता। शुक्रवार की अहले सुबह हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला बदला सा रहा। सुबह 5 बजे के बाद से ही मेघ गर्जन के साथ हल्की बूंदा बूंदी शुरू हो चुकी थी। कुछ देर बाद तेज बारिश हुई। हालांकि सुबह 9 बजे तक रिमझिम बारिश होती रही। 11 बजे के बाद धूप खिली। सुबह से बारह बजे तक सड़कों पर लोगों का आवागमन अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहा। लोग केवल जरूरी कार्य से ही बाहर निकल रहे थे। मौसम विभाग ने भी वर्षा का पूर्वानुमान जताया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी सही साबित हुआ। शहर के दुकानदारों की माने तो वर्षा होने पर ग्रामीण इलाकों के लोग नहीं पहुंचते हैं। वहीं वर्षा के कारण शहर के कुछ वार्डो में जल जमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी। बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत तो दी। लेकिन इसके साथ ही शहर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। बारिश के कारण मुख्य सड़कों पर नाले का गंदा पानी जमा हो गया था। लगभग तीन घंटे की बारिश ने पश्चिमपाली चौक, मारवाड़ी कॉलेज रोड, सुभाष पल्ली से इंसान स्कूल जाने वाली सड़क के पास,लहरा चौक के पास, पेट्रोल पंप के पास एनएच सर्विस रोड, तेघरिया, धर्मगंज चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क जैसे कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि जलजमाव की वजह से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।