दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 37 पर पहुंचा पारा
मुजफ्फरपुर में चक्रवात का असर समाप्त हो गया है, जिसके कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में प्रति चक्रवात का असर अब पूरी तरह से समाप्त हो गया है। इसके अलावा बंगाल में बनने वाले चक्रवातीय हवाओं के कमजोर पड़ने से जिले के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर पहुंच गया। पिछले एक सप्ताह से यह लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ था।
वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.6 डिग्री तक अधिक रहा। दिन और रात में तापमान में महज 12 डिग्री का अंतर रहने से लोगों को अधिक गर्मी का अनुभव हुआ। हालांकि, पुरवा हवा चलने से हवा में नमी की मात्रा अधिक बनी रही। मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हवा में नमी की मात्रा अधिक रहने और पुरवा हवा चलने के कारण लोगों को हल्की उमस भरी गर्मी महसूस हुई। पूसा स्थिति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले में इस सप्ताह बारिश होने की संभावना नहीं दिख रही है। अगले दो से तीन दिन के भीतर तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अगले सप्ताह इसके 40 डिग्री के पार पहुंचने का पूर्वानुमान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।