किशोर को खदेड़ कर गोलियों से भूना, मौत, सड़क जाम
नवादा, नगर संवाददातानवादा नगर थाना क्षेत्र के राम नगर मोहल्ले में सोमवार की सरेशाम खदेड़ कर एक किशोर को गोलियों से भून दिया गया।

नवादा, नगर संवाददाता नवादा नगर थाना क्षेत्र के राम नगर मोहल्ले में सोमवार की सरेशाम खदेड़ कर एक किशोर को गोलियों से भून दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल नगर मोहल्ला निवासी रामपदारथ यादव के 17 वर्षीय पुत्र काजू कुमार के रुप में की गई है। मिल रही जानकारी के अनुसार, उसे शरीर में तीन-चार गोलियां दागी गई हैं। गोली मारकर हत्या की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने राम नगर के पास सड़क को जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पथ जाम था। मिल रही जानकारी के मुताबिक, किशोर राम नगर मोहल्ले से गुजर रहा था। तभी अपराधियों ने उसपर फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिसके बाद वह भागने लगा। तब अपराधी ने खदेड़ते हुए उसपर ताबड़तोड़ गोलियां दागना शुरू कर दिया। तब काजू वहां से भागते हुए गोपाल नगर स्थित अपने फूआ के घर नजदीक पहुंचा और लहुलूहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद अपराधी वहां से फरार हो गया। गोलीबारी की आवाज सुनकर लोग सहम गए। कुछ ही पल में स्थानीय लोगों की भीड़ वहां पर जुट गई। तत्काल उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राम नगर के समीप नवादा-बिहार पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोग अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हत्या मामले में जेल जा चुका है काजू बताया जाता है कि काजू हत्या से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। हाल में ही वह जेल से बाहर निकला था। गौरतलब है कि 3 अगस्त को शहर के संकटमोचन के समीप बुधौल जंगल बेल्दरिया निवासी नवल कुमार यादव के पुत्र राहुल कुमार व भतीजा श्रवण कुमार को ताबड़तोड़ चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया था। फिर उसी रात विम्स पावापुरी में इलाज के क्रम में राहुल कुमार की मौत हो गई थी। इस बाबत राहुल के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी घटना में काजू को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मामले की जानकारी मिलते ही जांच में जुटी पुलिस मामले की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ हुलास कुमार, नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी व जवान घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद आवश्यक छानबीन की। फॉरेसिंक टीम ने भी घटनास्थल पर बारीकी से पड़ताल की। वहीं घटना में संदिग्ध आरोपित के घर पर पुलिस ने छापेमारी की। कहा जा रहा है कि कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।