लड़के से प्यार करती थी, बेटी को मार कर परिजनों ने दफना दिया; गड्ढा खोद लाश ले गई पुलिस
पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने घटना से इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस ने करेह नदी से आ रहे दो लोगों को पकड़ लिया। इनमें एक लड़की का चाचा था, जबकि दूसरा पड़ोसी। दोनों ने लड़की की हत्या की बात स्वीकार की है।

बिहार में एक लड़के से प्यार करने पर लड़की की हत्या कर दी गई। गंभीर बात यह है कि लड़की की हत्या का आरोप उसके अपने ही घरवालों पर लगा है। बेटी की हत्या का मामला समस्तीपुर का है। सिंधिया थाना क्षेत्र की माहे पंचायत के एक गांव में प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने नाबालिग लड़की की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के शव को करेह नदी के किनारे दफना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर मंगलवार सुबह नदी किनारे से गड्ढे खोदकर शव निकाला। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष राजकिशोर राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं।
पुलिस ने बताया कि लड़की का गांव के ही किसी लड़के से प्रेम प्रसंग था। इससे परिवार के लोग नाराज थे। सोमवार को परिवार के लोगों ने लड़की को लड़का से मोबाइल पर बात करते पकड़ लिया। इससे गुस्साए परिजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
बाद में लाश को करेह नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसकी सूचना किसी ग्रामीण ने पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने घटना से इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस ने करेह नदी से आ रहे दो लोगों को पकड़ लिया। इनमें एक लड़की का चाचा था, जबकि दूसरा पड़ोसी। दोनों ने लड़की की हत्या की बात स्वीकार की है।