बिहार में मातृ मृत्यु दर चार वर्षों में 118 से घटकर 100 पर पहुंची
बिहार में मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) चार वर्षों में 118 से घटकर 100 पर पहुँच गई है। 2005 में यह दर 374 थी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि शिशु मृत्यु दर भी राष्ट्रीय औसत 27 पर आ गई है। बिहार में स्वास्थ्य...

बिहार में मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) में चार वर्षों में 118 से घटकर 100 पर आ गयी है। अर्थात अब प्रति लाख महिलाओं के प्रसव के दौरान 100 की मृत्यु होती है। देशभर में इसमें सबसे अधिक सुधार होने वाला असम के बाद बिहार दूसरा राज्य है। मातृ मृत्यु दर राष्ट्रीय स्तर पर दर 93 है। मालूम हो कि वर्ष 2005 में बिहार में यह दर 374 थी। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुरुवार को विभाग के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देशस्तर पर नमूना पंजीकरण प्रणाली (एसआरएस) की गुरुवार को ही रिपोर्ट जारी हुई है।
वहीं, उन्होंने बताया कि बिहार की शिशु मत्यु दर राष्ट्रीय औसत के बराबर 27 पर आ गयी है। प्रति 10 हजार शिशु पर यह दर आंकी जाती है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण मानक होता है मातृ और शिशु मृत्यु दर। इन दोनों में ही राज्य में लगातार कमी आयी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2005 के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर हुए सुधार का यह प्रमाण है। डबल इंजन की सरकार तेजी से स्वास्थ्य सेवा विकसित करने के लिए संकल्पित है। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार में मातृ मृत्यु दर 374 थी। वहीं, वर्ष 2017 में यह घटकर 174 पर आ गई थी। राज्य में संस्थागत प्रसव अब 76 प्रतिशत होता है। बंगाल समेत कुछ राज्यों में मातृ मृत्यु दर बढ़ी मंत्री कहा कि यह आंकड़े बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को प्रमाणित करते हैं। वहीं, बिहार के आसपास के कुछ राज्यों में इस बार आए आंकड़ों के अनुसार मातृ मृत्यु दर में वृद्धि देखने को मिली है। पश्चिम बंगाल में एमएमआर 94 से बढ़कर 109 हो गई है। मंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया के स्तर पर वर्ष 2030 तक मातृ मृत्यु दर को 70 पर लाना है। राज्य में जिस तेजी से सुधार हो रहा है, उससे साफ है कि हमलोग 2030 से पहले ही यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।