नदी जल के एकीकृत प्रबंधन से मिलेगी भरपूर सिंचाई: संजय
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया कि बिहार जल सुरक्षा एवं सिंचाई आधुनिकीकरण परियोजना को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना का लक्ष्य बेहतर जल प्रबंधन, बाढ़ प्रकोप में कमी और...

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि बिहार जल सुरक्षा एवं सिंचाई आधुनिकीकरण परियोजना से बिहार को भरपूर सिंचाई की सुविधा और बाढ़ के प्रकोप से मुक्ति मिलेगी। परियोजना को शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल गयी। श्री झा ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य राज्य में बेहतर जल प्रबंधन से बाढ़ के प्रकोप को कम करना, अधिक प्रभावी सिंचाई प्रणाली का विकास करना तथा बाढ़ एवं सुखाड़ से उत्पन्न होने वाली आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों और क्षमता में वृद्धि करना है। इसमें बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए जहां प्रमुख नदियों के जलप्रवाह को नियंत्रित करने तथा नई तकनीक का उपयोग कर तटबंधों को ऊंचा एवं सुदृढ़ करने की कई योजनाओं को शामिल किया गया है, वहीं सूखा से प्रभावित होने वाले जिलों में सिंचाई क्षमता के सृजन, पुनर्स्थापन एवं आधुनिकीकरण की कई योजनाएं शामिल की गई हैं।
श्री झा ने बताया कि परियोजना की कुल अनुमानित लागत राशि ₹4415.00 करोड़ है। इसमें 30 प्रतिशत राशि, अर्थात ₹1324.50 करोड़ बिहार सरकार उपलब्ध कराएगी, जबकि 70 प्रतिशत राशि अर्थात ₹3090.50 करोड़ का ऋण विश्व बैंक से लिया जाएगा। परियोजना को चालू वित्त वर्ष यानी 2025-2026 से प्रारंभ कर सात वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।