आपदा से लड़ने में कितने सक्षम हैं स्कूली बच्चे, पता लगाया जाएगा
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्कूलों में बच्चों की आपदा प्रबंधन क्षमताओं का परीक्षण करने के लिए प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह प्रतियोगिता राज्य के 40 हजार से अधिक स्कूलों में...

राज्य के स्कूली बच्चे आपदा से लड़ने में कितने सक्षम हैं, इसका पता लगाया जाएगा। इसके लिए बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्कूलों में प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग से बात कर राज्य के 40 हजार से अधिक स्कूलों में यह प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्राधिकरण ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बिहार बाढ़, सुखाड़ के अलावा भूकंप के दृष्टिकोण से भी संवेदनशील है। राज्य के 29 जिले बाढ़ प्रभावित हैं। ज्यादातर जिले भूकंप के दृष्टिकोण से संवेदनशील जोन चार और अतिसंवेदनशील जोन पांच में आते हैं। इस कारण स्कूलों में सुरक्षित शनिवार के तहत आपदा से बचाव की जानकारी दी जाती है।
समय-समय पर मॉक ड्रिल के जरिए बच्चों को आपदा से बचाव के गुर सिखाए जाते हैं। सुरक्षित तैराकी के जरिए भी बच्चों को तैराकी सिखाई जा रही है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अब बच्चों को परखने का मन बनाया है। इसी के लिए प्रतियोगिता कराई जाएगी। स्कूल स्तर, प्रखंड, जिला स्तर और फिर राज्य स्तर पर प्रतियोगिता कराई जाएगी। विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। आपदा से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे प्रतियोगिता में बच्चों से आपदा से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। राज्य में आने वाली आपदा की प्रकृति कैसी है? उससे बचाव के क्या-क्या तरीके हैं? आपदा के समय बुजुर्गों, महिलाओं की मदद के क्या तरीके होते हैं। आपदा आने पर कहां सूचना दें। फंसे हुए लोगों को कैसे बचाएं। आदि से संबंधित सवाल पूछे जा सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।