सुशील मोदी का जीवन और कार्यशैली प्रेरणास्रोत : दिलीप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को राजनीति में प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि मोदी अनुशासनप्रिय थे और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान रखते थे।...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का जीवन और उनकी कार्यशैली विशेष कर राजनीति करने वालों के लिए प्रेरणास्रोत है। वह अनुशासनप्रिय व्यक्ति थे और उनके पास आंकड़ों का भंडार था। वे तुरंत किसी को लेकर विचार नहीं बनाते थे। वे सीधे बात करने वाले थे, जिनमें जो कमियां होती थीं, वे उसे बोल देते थे। मंगलवार को रवींद्र भवन में भाजपा द्वारा पद्म भूषण सुशील मोदी की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित स्मरणांजलि सभा में डॉ. जायसवाल ने कहा कि सुशील मोदी में सबसे बड़ी विशेषता थी कि वे कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और उसकी कार्यक्षमता की जबरदस्त पहचान रखते थे।
कार्यकर्ताओं का वह बहुत सम्मान करते थे। किसी भी कार्यकर्ता के दुख की घड़ी में वे जरूर जाते थे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जेपी आंदोलन से निकले नेताओं की पहली कतार में शामिल और पद्म भूषण से सम्मानित सुशील कुमार मोदी ने संगठन तथा सरकार में रहकर सेवा का जो रास्ता दिखाया, उसे भाजपा आगे बढ़ाएगी। भाजपा और एनडीए को बनाने, चलाने और मजबूत करने में सुशील मोदी का बड़ा योगदान था। वे पार्टी और गठबंधन के शिल्पी थे। उन्हीं की प्रेरणा से पार्टी के 80 फीसदी कार्यकर्ता आगे बढ़े और नेताओं की नई पीढ़ी तैयार हुई। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार की उन्नति और सुशासन में सुशील मोदी का अमिट योगदान है। वे कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने बिहार की राजनीति को नई दिशा दी। उनके विचार, दृष्टि और योगदान सदैव हमलोगों को प्रेरणा देते रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री संजय गुप्ता ने किया। स्मरणांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, संगठन महामंत्री भिखू भाई दालसानिया, मंत्री मंगल पांडेय, प्रेम कुमार, नितिन नवीन, जीवेश मिश्रा, संजय सरावगी, राजू सिंह, केदार गुप्ता, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विवेक ठाकुर, धर्मशीला गुप्ता, भीम सिंह, भाजपा नेता रितुराज सिन्हा, संजय प्रकाश मयूख, जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार, सुशील मोदी की पत्नी जेसी मोदी, भाजपा नेता हरेंद्र प्रताप, कृष्ण सिंह मंटू, विधायक अरुण सिन्हा, राजेंद्र गुप्ता, संजीव चौरसिया, पटना मेयर सीता शाहू, पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता सहित बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।