जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा : विजय सिन्हा
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि में सरल हिन्दी शब्दों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शारदीय और बासंतीय शब्दों का उपयोग किया जाए। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार जैविक खेती और...

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि में सरल हिन्दी शब्दों का प्रयोग करने की सलाह दी। मंगलवार को बामेती में राज्य स्तरीय खरीफ महाभियान सह कर्मशाला का उद्घाटन करते हुए हुए उन्होंने कहा कि खरीफ के स्थान पर शारदीय और रबी के बदले बासंतीय शब्द का प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और जलवायु अनुकूल टिकाऊ खेती के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। महाभियान के तहत किसानों तक नई कृषि तकनीक का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीज समय पर किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इससे फसलों का उत्पादन एवं उत्पादकता बेहतर होगी। मिट्टी जांच रिपोर्ट के आधार पर खेतों में संतुलित उर्वरक के उपयोग से उत्पादन लागत कम होने के साथ ही फसल की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। उन्होंने शारदीय (खरीफ) मौसम में विभिन्न फसलों पर प्रत्यक्षण कार्यक्रम चलाकर किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही। कहा कि सभी किसानों का डिजिटल पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम 2025-26 के माध्यम से सूखा एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों के प्रति सहनशील किस्मों और समेकित कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने संकर धान, मक्का, मोटे अनाज (मिलेट्स), दलहन एवं तेलहन की वैज्ञानिक खेती पर विशेष जोर दिया। शारदीय (खरीफ) मौसम में लगने वाली फसलों के कीट व रोग प्रबंधन को समेकित तकनीक अपनाने की सलाह दी। कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि तकनीकी जानकारी, उन्नत बीज, कृषि यंत्र, जैविक पद्धतियां और डिजिटल नवाचारों को अपनाकर कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। जिला स्तरीय शारदीय (खरीफ) कर्मशाला 22 मई को होगी। प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम 26 मई से 1 जून तक होगा। सभी पंचायतों में किसान चौपाल कार्यक्रम 2 से 21 जून तक होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।