Rohtas Shiva temple Stampede on Mahashivratri people fell on each other major incident averted महाशिवरात्रि पर रोहतास के शिव मंदिर में भगदड़, एक-दूसरे पर गिरे लोग; बड़ा हादसा टला, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi Newsबिहार न्यूज़Rohtas Shiva temple Stampede on Mahashivratri people fell on each other major incident averted

महाशिवरात्रि पर रोहतास के शिव मंदिर में भगदड़, एक-दूसरे पर गिरे लोग; बड़ा हादसा टला

रोहतास जिले के डेहरी में गौड़ेला शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि के मौके पर भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर के समय मंदिर के मुख्य द्वार पर धक्कामुक्की की वजह से भगदड़ मच गई। मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिर गए।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, डेहरी (रोहतास)Wed, 26 Feb 2025 06:52 PM
share Share
Follow Us on
महाशिवरात्रि पर रोहतास के शिव मंदिर में भगदड़, एक-दूसरे पर गिरे लोग; बड़ा हादसा टला

बिहार के रोहतास जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर शिव मंदिर में भगदड़ मच गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पहाड़ पर स्थित गौड़ेला शिव मंदिर में बुधवार को महाशिवरात्रि पर उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिरने लगे। इस दौरान एक महिला बेहोश हो गई। कुछ अन्य महिलाओं को भी चोटें आई हैं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। कुछ ही देर में भगदड़ पर काबू पा लिया गया। हालांकि, मंदिर परिसर में भगदड़ के चलते अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

भगदड़ की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और हालात को काबू में कर लिया गया। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि गोड़ैला शिव मंदिर जाने वाले रास्ते में भारी भीड़ जमा हो गई। मुख्य द्वार पर जाते ही जल्दी दर्शन करने को लेकर गेट के पास भगदड़ मच गई। गेट टूटने की स्थिति आ गई और लोग एक-दूसरे पर गिरते गए।

ये भी पढ़ें:सास को भीड़ रौंद रही थी, दामाद बचा न सका; NDLS भगदड़ पीड़ित की आंखों देखी

स्थिति को देख जवानों ने भीड़ में घुसकर लोगों को संभाला। कलावती देवी, पिंकी कुमारी, सरिता देवी आदि को चोटें आई हैं। मंदिर प्रबंधन समिति ने घायलों का तत्काल उपचार कराया। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। घायल लोगों को लेकर परिजन निकल गए। एसडीएम सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बढ़ती भीड़ के कारण मुख्य द्वार पर धक्का-मुक्की होने से एक महिला मूर्छित हुई थी। स्थिति पूरी तरह से सामान्य किया गया है। वरीय प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मामले की मॉनिटर कर रहे हैं।