झमाझम बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से फसल तहस नहस
समस्तीपुर में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुँचाया है। गेहूं, मक्का, और मौसमी फलों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को...

समस्तीपुर। जिले में बेमौसम झमाझम बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने खेतों में लगे फसल को तहस नहस कर दिया। गुरुवार की रात से शुक्रवार की सुबह तक हुई बारिश से खेतों में पानी में पानी जमा हो गया। इस कारण से गेहूं की तैयार फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई। वहीं कई प्रखंड में सड़क पर पानी लग जाने के कारण आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। हसनपुर, बिथान, विभूतिपुर, ताजपुर, सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र में तेज हवा के साथ हुई बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों को घुटनों के बल खड़ा कर दिया है। किसानों की रबी फसल गेहूं, मक्का व तिलहन फसल तो प्रभावित हुआ ही, वहीं मौसमी फल आम, लीची में लग रहे छोटे-छोटे फल भी तेज हवा व ओलावृष्टि के कारण गिर कर क्षतिग्रस्त हो गया है। एक ओर जहां किसानों को अधिक प्रभाव पड़ा है। खेत व दरवाजे पर तैयार रबी फसल, मवेशी व मवेशी का चारा के साथ साथ बाग में लगा आम, लीची,केला के अलावे अन्य फसल भी प्रभावित हुआ है। कई पेड़ भी धराशायी हो गया है। पूसा में हुई वर्षा व ओलावृष्टि से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस दौरान कई स्थलों पर पेड़ की टहनिया टूट गई। इस दौरान घंटों बिजली व्यवस्था ठप रही। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में करीब 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान हवा की गति औसतन 10.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन का तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से करीब 6.8 डिग्री कम बताया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया है। वर्षा व ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं के कटे फसलों को हुआ है। हालांकि ओलावृष्टि से वंचित क्षेत्रों में वर्षा जल आम व लीची की फसलों के लिए अमृत माना जा रहा है। इधर वर्षा से सड़कों व गली मोहल्लों में जलजमाव की स्थित बनी रही। यह स्थिति दर्जनों सड़कों पर देखने को मिल रही हैं। नतीजन लोगों को इन मार्ग से गुजरने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।