आधी आबादी तक सरकार के संदेश को पहुंचाने के लिए महिला संवाद शुरू
सीवान के महुआरी पंचायत में शुक्रवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। कार्यक्रम में महिलाओं की...

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के सीवान सदर प्रखंड के महुआरी पंचायत में शुक्रवार की सुबह से ही कुछ खास चहल-पहल देखी गई। पता चला कि पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम आज आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य आधी आबादी तक सरकार के संदेश को पहुंचाना है। महिला संवाद को ले महिलाएं काफी उत्सुक व जागरूक दिखीं। महिला संवाद में सरकार द्वारा किए गए कार्यों को वीडियो के माध्यम से दिखाया गया। जिले में 18 अप्रैल से शुरू होकर 15 जून तक चलने वाले महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण के लिए जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन जीविका संपोषित 1915 ग्राम संगठन स्तर पर किया जायेगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उसका समाधान करना है। पहले दिन महिला संवाद कार्यक्रम सीवान सदर के महुआरी पंचायत के अलावा आंदर के बलिया, बड़हरिया के भलुआड़ा, बसंतपुर के बसांव, भगवानपुर हाट के कौड़िया, दरौली के तियर, दरौंदा के रमसापुर, गोरेयाकोठी के सरारी दक्षिण, गुठनी के सोनहुला, हसनपुरा के सहुली, हुसैनगंज के छपिया बुजुर्ग, महाराजगंज के कसदेवरा, नौतन के खलवां, पचरुखी के गोपालपुर, सिसवन के गंगपुर सिसवन व जीरादेई के भरौली पंचायत में किया गया। महिला संवाद कार्यक्रम को लेकर महिलाएं काफी उत्सुक व जागरूक दिखीं। इस क्रम में महिला संवाद में पहुंची महिलाओं से सरकारी योजनाओं के प्रति उनकी आकांक्षाओं की जानकारी ली गई। इसी क्रम में महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उसके समाधान के लिए भी पहल की गई। वहीं संवाद में उपस्थित अधिकारी सुझावों को संकलित करने का कार्य भी कर रहे थे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, महिला संवाद कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं से उनके गांव व टोले से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली जा रही है, साथ ही विकास के मुद्दे पर उनकी क्या राय है, इसे नोट किया जा रहा है। समस्याओं व विचारों को मुख्यालय भेजा जायेगा, ताकि मुख्यालय स्तर से इन समस्याओं के समाधान की योजना बनाई जा सके। महिला संवाद में महिलाओं के लिए आरक्षण, महिला सशक्तिकरण नीति 2015, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह, दहेज प्रथा उन्नमूलन अभियान, जीविका, सतत जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, बिहार शताब्दी मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना आदि के संदर्भ में जानकारी ली गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।