सुपौल : शादी-विवाह में खूब उपयोग हो रहे प्रतिबंधित थर्माकोल के बर्तन
त्रिवेणीगंज में सरकार ने थर्माकोल और प्लास्टिक बर्तनों के उपयोग पर रोक लगाई है, लेकिन स्थानीय बाजारों में इनकी खरीद-बिक्री हो रही है। जागरुकता अभियान चलाने के बावजूद दुकानदारों पर कोई कार्रवाई नहीं...

त्रिवेणीगंज, निज संवाददाता। सरकार ने थर्माकोल और प्लास्टिक से तैयार बर्तनों के उपयोग पर रोक लगा दी है, लेकिन इन दिनों क्षेत्र में लग्न में थर्मोकोल और प्लास्टिक से बने प्लेट, थाली, कप, ग्लास, कटोरी, कांटा, चम्मच, पानी पाउच की खरीद-बिक्री खूब हो रही है। शहर की दुकानों में लटके इन चीजों को देखा जा सकता है। सरकार का मानना है कि यह चीजें पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है, इसलिए इसकी खरीद, बिक्री, भंडारण, उत्पादन पर रोक लगाई गई। इन चीजों का उपयोग करने के बाद लोग इसे जहां-तहां फेंक देते हैं, जिससे नाला और नदी जाम हो रही हैं। हालांकि इन चीजों का उपयोग और खरीद-बिक्री पर रोक लगने से पहले जिला प्रशासन द्वारा जागरुकता अभियान चलाया गया था, लेकिन कारोबारी और उपभोक्ता मान नहीं रहे हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने थर्मोकोल के बर्तन की बिक्री पर पहली जुलाई 2022 को रोक लगाई थी। जिला प्रशासन ने सरकार के निर्णय को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लोगों के बीच जागरुकता अभियान चलाया था, लेकिन नगर परिषद की ओर से जांच अभियान अभी तक नहीं चलाया जा सका है और ना ही कैरी बैग बरामद कर इसकी बिक्री व उपयोग करने वाले दुकानदारों का चलान काट जुर्माना वसूल किया जाता है। इसके कारण इस पर रोक नहीं लग रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।