वैज्ञानिक विधि से किसान करें खेती, होगा फायदा
सरायगढ़ में ई किसान भवन में बुधवार को कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद ने खेतों में जैविक खेती और मिट्टी की जांच के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि...

सरायगढ़, निज संवाददाता। ई किसान भवन में बुधवार को कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बीडीओ अच्युतानंद, बीएओ चंन्द्र प्रकाश मिश्र, बीसीओ शिव शंकर पंडित, कृषि वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद, आत्मा अध्यक्ष ज्ञानदेव मेहता, बीस सूत्री अध्यक्ष सूर्य नारायण मेहता, बीईओ रीता कुमारी, पूर्व मुखिया सुरेश प्रसाद सिंह, विजय कुमार सिंह ने किया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद ने कहा कि खेतों की मिट्टी जांच जरूरी है। हमलोग खेतों में रसायनिक खाद का प्रयोग कर रहे हैं। यह खेतों के लिए सही नहीं है। अधिक रसायनिक खाद का प्रयोग करने से खेतों में जीवाश्म पदार्थ कम हो जाता है, जिससे उर्वरा शक्ति कम हो जाती है।
अगर खेतों में जीवाश्म पदार्थ कम होगा तो मिट्टी जहरीली, बंजर और खेतों की उर्वरा शक्ति कम हो जाएगी। इसलिए जैविक खेती करना बहुत ही जरुरी है। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले में धान की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। इस बार जिला से हाइब्रिड धान बीज उपलब्ध कराया गया है। कृषि पदाधिकारी चंद्र प्रकाश मिश्र ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करेंगे तो कम लागत में दोगुनी उपज बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सुपौल जिला में भी चाय की खेती प्रारंभ होने वाली है, जिससे किसानों की माली हालत में हद तक सुधार हो पाएगा। उन्होंने खरीफ फसल में फसल उत्पादन, आधुनिक तकनीकी, बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन एवं जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि यंत्र में सतत विकास और उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खेती आवश्यक है। किसानों को परम्परागत खेती के साथ-साथ उन्नत बीज, मृदा परीक्षण और जल प्रबंधन जैसे आधुनिक उपायों को अपनाना होगा। बीडीओ अच्युतानंद ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार के योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचे इसके लिए कृषि विभाग समय- समय पर किसानों को जागरूक कर रहा है। कहा कि कृषि यंत्र अनुदान पर उपलब्ध है। मौके पर कृषि समन्वयक वीरेंद्र कुमार, विवेकानंद, अनुज कुमार, एटीएम भागवत यादव, दिलीप कुमार, लवली कुमारी, किसान सलाहकार अरविंद कुमार, राजेश कुमार, श्याम कुमार भारती, देवेन्द्र कुमार भारती, चंदन कुमार सिंह, रत्नेश कुमार, ममता कुमारी, शिवराम यादव, उमेश मंडल, किशोर ठाकुर, गगन पासवान, बद्री मंडल आदि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।