अभी बस खिड़की खुली है; महागठबंधन में पशुपति पारस की एंट्री पर तेजस्वी बोले- आगे देखेंगे
पशुपति पारस की रालोजपा को महागठबंधन में शामिल कराने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि आगे की बैठकों में देखते हैं, क्या होता है। जो भी होगा बता देंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) की महागठबंधन में एंट्री पर सस्पेंस बना हुआ है। पटना में गुरुवार को हुई महागठबंधन की पहली बैठक में पारस को साथ लाने पर कोई फैसला नहीं हुआ। बैठक के बाद राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव से इस बारे में सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि आगे जो बैठकें होंगी उनमें देखा जाएगा।
रालोजपा प्रमुख पशुपति पारस ने तीन दिन पहले औपचारिक रूप से एनडीए से अलग होने की घोषणा की थी। इसके बाद से उनके महागठबंधन में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। बुधवार को मीडिया से बातचीत में जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया था, तो पारस ने कहा कि उन्हें महागठबंधन की बैठक का न्योता नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी वह अपनी पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं।
पशुपति पारस ने महागठबंधन में जाने के संकेत जरूर दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले वह फैसला लेंगे कि किस गठबंधन में जाना है। उन्होंने यह भी कहा कि अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता है, तो किसी न किसी गठबंधन में रहकर ही रालोजपा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
दूसरी ओर, पारस को लेकर आरजेडी और कांग्रेस अभी कॉन्फिडेंट नहीं दिख रही है। पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान जब पारस की पार्टी को एनडीए में साइडलाइन किया गया था, तब भी उनके महागठबंधन में जाने की अटकलें चली थीं। हालांकि, बाद में वे बिना चुनाव लड़े एनडीए के लिए ही प्रचार करते नजर आए।