इस साल के अंत तक भारत बनेगा चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी! जापान को छोड़ेगा पीछे, जर्मनी से भी आगे निकलने का अनुमान
IMF के अनुसार, 2025 के अंत तक भारत की जीडीपी जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी।

Indian Economy: भारत-पाक टेंशन के बीच इंडियन इकोनॉमी के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है। IMF का अनुमान है कि भारत की अर्थव्यवस्था दिसंबर 2025 तक जापान को पीछे छोड़ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन सकती है। IMF के आंकड़ों के अनुसार, भारत 2025 तक जापान को पीछे छोड़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वर्ल्ड इकोनॉमिक डेटा के अनुसार, भारत की वर्तमान में GDP 4.3 ट्रिलियन डॉलर के साथ दुनिया में पांचवे नंबर पर है और जापान की GDP अभी 4.4 ट्रिलियन डॉलर है। बता दें कि अभी भारत से आगे अमेरिका, चीन, जर्मनी और जापान है।
क्या है डिटेल
IMF ने अनुमान लगाया है कि 2025 में भारत की नॉमिनल जीडीपी बढ़कर 4,187.017 अरब डॉलर हो जाएगी। वहीं, जापान की जीडीपी 4,186.431 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। आने वाले वर्षों में भारत जर्मनी को पछाड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बन सकता है। IMF के मुताबिक, यदि बढ़ोतरी की वर्तमान दर बनी रही तो भारत 2028 तक जर्मनी (4.9 ट्रिलियन डॉलर GDP) को भी पीछे छोड़ कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। बता दें कि इस साल अगर ऐसा होता है तो यह 2024 के बाद एक महत्वपूर्ण बदलाव होगा, क्योंकि पिछले साल भारत 3.9 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी थी। आईएमएफ ने पिछले महीने जारी अपने ग्लोबल इकोनॉमी आउटलुक में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के वास्तविक रूप से 6.3 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है, जबकि पहले 6.5 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया था।
ब्रिटेन को पछाड़ चुका है भारत
भारत का चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरना वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव का संकेत है। आईएमएफ के अनुमानों के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था 2030 तक जर्मनी की तुलना में 20% बड़ी होने का अनुमान है, जो $6.8 ट्रिलियन तक पहुंच जाएगी, और जापान की तुलना में 33% से अधिक बड़ी होगी। 2020 में, भारत ब्रिटेन को पछाड़कर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अगले चार वर्षों में अर्थव्यवस्था में 10.1% की वृद्धि का अनुमान लगाया है।