Bihar Board Science Topper: पायलट बनना चाहते हैं अतुल कुमार, इंटर साइंस स्ट्रीम में मिली रैंक 5
- BSEB Bihar Board Science Topper: बिहार बोर्ड साइंस स्ट्रीम रिजल्ट 2025 में एस.वी.पी.कॉलेज, भभुआ, कैमूर के अतुल कुमार मौर्य ने 476 अंक प्राप्त कर रैंक 5 हासिल की है।

BSEB Bihar Board Science Topper Success Story: बिहार बोर्ड साइंस स्ट्रीम रिजल्ट 2025 में एस.वी.पी.कॉलेज, भभुआ, कैमूर के अतुल कुमार मौर्य ने 476 अंक प्राप्त कर रैंक 5 हासिल की है। शहर के वार्ड चार स्थित प्रोफेसर कॉलोनी का रहने वाला अतुल कुमार मौर्य इंटरमीडिएट के विज्ञान संकाय में राज्य में पांचवा स्थान लाकर जिले का नाम रोशन किया है। उसने जिले में पहली रैंक हासिल की है। अतुल के पिता विजय बहादुर लाल शहर के भूपेश गुप्त डिग्री कॉलेज में भौतिक विज्ञान विषय के प्राध्यापक हैं। उसकी माता गृहणी हैं। प्रो. विजय बहादुर ने बताया कि अतुल शुरू से पढ़ने में मेधावी है और उसे पढ़ने के लिए कभी दबाव नहीं देना पड़ा है।
अतुल ने बताया कि मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद पायलट बनने की इच्छा थी। इस इच्छा को लेकर भभुआ शहर के सरदार वल्लभ भाई पटेल महाविद्यालय में इंटरमीडिएट के विज्ञान संकाय में नामांकन कराया। उसने बताया कि महाविद्यालय में अच्छा संसाधन उपलब्ध होने की वजह से किसी तरह की दिक्कत नहीं आई। भौतिक और गणित विषय हमें काफी पसंद है और उसमें हमारी रुचि रहती है। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्र अगर मन लगाकर पढ़ाई करें तो सफलता निश्चित मिलेगी। मेहनत के सिवा सफल होने के लिए शॉर्टकट का रास्ता ठीक नहीं होता है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने आज 25 मार्च को बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2025 को जारी कर दिया है। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट interresult2025.com या interbiharboard.com पर जाकर चेक कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड ने सबसे पहले इंटर रिजल्ट जारी कर, एक बार फिर से कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस बार बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट 2025 का ओवरऑल पासिंग पर्सेंटेज 86.50 प्रतिशत रहा।
इस वर्ष बिहार बोर्ड 12वीं साइंस स्ट्रीम के कुल 633896 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था। जिसमें से 568330 स्टूडेंट्स परीक्षा पास करने में सफल हुए। फेल होने वाले छात्रों की संख्या 65566 है। इस वर्ष साइंस स्ट्रीम का पासिंग पर्सेंटेज 89.66 है। लड़कियों का पासिंग लड़कों से ज्यादा है। लड़कियों का पासिंग पर्सेंटेज 91.29 प्रतिशत है, जबकि लड़कों का पासिंग पर्सेंटेज 88.63 प्रतिशत रहा।