छत्तीसगढ़ के 19 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट, बारिश के साथ 60 की स्पीड चलेंगी हवाएं
छत्तीसगढ़ में प्री-मॉनसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर भी चल रहा है। रायपुर में बादलों के बीच सूरज की लुका-छिपी जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है।

छत्तीसगढ़ में प्री-मॉनसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर भी चल रहा है। रायपुर में बादलों के बीच सूरज की लुका-छिपी जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। इस बीच रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 7 जिलों के लिए ऑरेंज और 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है। 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
बारिश का मुख्य क्षेत्र उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य छत्तीसगढ़ होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिणी क्षेत्र से आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे मॉनसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है और उसकी रफ्तार 40 से 60 प्रति घंटे हो सकती है। वहीं बस्तर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा -मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। बारिश के साथ हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट तीन घंटों के लिए जारी किया है।
राजनांदगांव रहा सबसे ज्यादा गर्म, दुर्ग ठंडा
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग, रायपुर संभाग और दुर्ग संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बस्तर संभाग के कुछ जिलों में मध्यम और हल्की बूंदाबांदी बारिश हुई है। दंतेवाड़ा जिले में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया है। सप्ताहभर से बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर है। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म राजनांदगांव रहा, यहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग जिले में रिकॉर्ड किया गया है।
दुर्ग, दंतेवाड़ा और कबीरधाम में ज्यादा बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के पिछले 24 घंटे के दौरान मुताबिक दुर्ग में सबसे ज्यादा 56.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया है। वहीं बालोद में 38.2 मिमी, राजनांदगांव में 33 मिमी, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान में 25.2 मिमी, कबीरधाम जिले में 42.5 मिमी, बिलासपुर जिले में 29.4 मिमी, जांजगीर चांपा में 29.8 मिमी, सक्ती जिले में 29.5 मिमी, रायगढ़ जिले में 32.6 मिमी, महासमुद में 19 मिमी, गरियाबंद जिले में 26.2 मिमी, बेमेतरा में 19 मिमी, दंतेवाड़ा जिले में 50 मिमी, कोंडागांव जिले में 10 मिमी, सुकमा में 8 मिमी, कोरिया में 15.6 मिमी, बलरामपुर में 11.3 मिमी, जशपुर में 13.7 मिमी, धमतरी जिले में 15 मिमी कांकेर में 11 मिमी, बलौदाबाजार-भाठापारा में 12 मिमी, रायपुर में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया है।
इस सिस्टम की वजह से हो रही बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। एक चक्रवाती परिसंचरण बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग में आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्र से समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। एक द्रोणिका पश्चिम-मध्य अरब सागर से तटीय आंध्र प्रदेश तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मराठवाडा के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी ऊपर एक ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। आगामी दिनों में और ज्यादा बारिश होनी की संभावना है।
रिपोर्ट- संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।