हिमाचल से गर्मी भागेगी दूर, पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर; 6 दिन आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के तापमान में हो रही बढ़ोतरी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में पहली मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है।

हिमाचल प्रदेश के तापमान में हो रही बढ़ोतरी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में पहली मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके कारण छह दिनों तक आंधी, बिजली गिरने और बारिश का दौर चलेगा। मौसम विभाग ने आगामी सात दिनों के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार 1 मई से 6 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 1, 2, 3 और 4 मई को राज्य के कुछ इलाकों में आंधी और तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 1 से 3 मई तक कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 4 और 5 मई को "फेयरली विडस्प्रेड शावर्स" यानी अपेक्षाकृत व्यापक बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इन दोनों दिन के लिए विभाग ने विशेष अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि 4 से 6 मई तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश, आंधी व बिजली गिरने की आशंका के मद्देनजर किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें। विशेष रूप से तेज हवाओं और आंधी के समय खुले स्थानों से दूर रहें और खेतों में काम करने से परहेज करें। इस बीच बीते 24 घंटे की मौसम स्थिति की बात करें तो राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई।
ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं आया है। लेकिन तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सबसे कम लाहौल स्पीति जिला के मुख्यालय केलंग में 4.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा ऊना में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलीं। इनमें शिमला जिला के कुफरी में 65, कोटखाई में 48, लाहौल स्पीति के ताबो में 46, किन्नौर के रिकांगपिओ में 46 और बजौरा में 43 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं रिकॉर्ड की गईं। हालांकि कहीं भी हीटवेव या गरज के साथ बारिश जैसी स्थिति दर्ज नहीं की गई।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल के अंतिम दिनों में हिमाचल में गर्मी ने अपना असर दिखाया है। मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। बीते 28 अप्रैल को ऊना में सीजन के सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब बारिश के आसार से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
रिपोर्ट: यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।