Chas Ansari Mohalla Faces Severe Water and Sanitation Crisis Despite Municipal Inclusion बोले बोकारो: बिजली-पानी संकट व गंदगी की समस्या का हो समाधान, Bokaro Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsBokaro NewsChas Ansari Mohalla Faces Severe Water and Sanitation Crisis Despite Municipal Inclusion

बोले बोकारो: बिजली-पानी संकट व गंदगी की समस्या का हो समाधान

चास नगर निगम में अंसारी मोहल्ला के शामिल होने के बाद भी यहां के लोग पानी और बिजली की कमी से जूझ रहे हैं। 7000 से अधिक लोग पानी के लिए तरस रहे हैं और नालियों की सफाई का काम भी ठीक से नहीं हो रहा है।...

Newswrap हिन्दुस्तान, बोकारोSat, 12 April 2025 06:30 PM
share Share
Follow Us on
बोले बोकारो: बिजली-पानी संकट व गंदगी  की समस्या का हो समाधान

जब चास नगर निगम में अंसारी मोहल्ला को शामिल किया गया था तो लोगों को लगा अब हमारा भी विकास होगा। लेकिन, पानी और बिजली के लिए आज भी लगभग 7000 से अधिक लोग तरस रहे हैं। इस क्षेत्र में लगभग 4500 वोटर हैं। लोगों ने बताया कि पेयजल के लिए यहां के लोग आज भी भागे फिर रहें हैं। पानी पाइप लाइन बिछने के बाद भी एक बूंद पानी नसीब नहीं हुआ। चापानल खराब है। पूरा क्षेत्र दो डीप बोरिंग पर निर्भर है। नालियों की साफ-सफाई ठीक से नहीं होने के कारण मलवा जाम है, नालियां जाम की स्थिति में है। कई जगह नालियों नहीं है। कहीं नाली जर्जर है। कुछ जगह सड़कें आज भी कच्ची है। बिजली व्यवस्था का भी बुरा हाल है। खुले व नंगे तार लोगों को भयभीत करता है। स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी है।

चास अंसारी मोहल्ला वासियों ने हिंदुस्तान अखबार के बोले बोकारो संवाद में अपनी बात रखी। कहा कि नगर निगम में शामिल होते समय जो खुशियां थी, वो अब फुर्र हो गई। क्षेत्र के लोग पानी की समस्या से पीड़ित है। यहां आबादी अनुसार पानी की उपब्धता नहीं है। दो डीप बोरिंग है, जो कि पर्याप्त नहीं है। इन दोनों डीप बोरिंग पर ही अधिकांश लोग पानी के लिए निर्भर है। जबकि कम से कम और दो डीप बोरिंग की जरूरत है। पानी का पाइप लाइन बिछाने के काम को करीब 4 वर्ष होने को है। बावजूद इसके आज तक पानी की एक बूंद भी यहां के पाइप लाइन से नहीं टपकी। लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। गर्मी के मौसम में यहां का हाल और भी बुरा होता है। पानी के लिए कई बार आपस में लड़ाई हो जाती है। पिछली बार तो नगर निगम के माध्यम से टैंकर की व्यवस्था की गई थी। नगर निगम समय पर पानी पाइप लाइन से पानी सप्लाई शुरू कर दे तो लोगों को काफी सहुलियत होगी।

बदहाल है यहां कि नालियां - कहा कि नालियों की साफ-सफाई का काम समय पर नहीं होता है। इस वजह से यहां के लोगों को हर दिन गंदगी से रूबरू होना पड़ता है। जो थोड़ी बहुत साफ-सफाई होती भी है, वो भी ठीक से नहीं होती है। नालियों में मलवा भरा पड़ा है। इस कारण जाम जैसा माहौल है। कचरा उठाने का काम भी समय पर नहीं होता है। ऐसे में जगह-जगह कचरे का ढ़ेर दिखाई देता है। निगम के सफाई कर्मी प्रोपर ढंग से सफाई करे तो नालियां में जाम की समस्या का समाधान संभव है। कहा कि साफ-सफाई किस कदर हो रही है, इसका मोनिटरिंग करने वाला भी कोई नहीं है। सही से इसकी निगरानी की जाय तो अंसारी मोहल्ला हीं नहीं चास में सफाई का काम बेहतर हालत में होगा। यह समस्याएं नगर निगम का चुनाव नहीं हो पाने के कारण बढ़ती जा रही है।

कई गलियों में नहीं है सड़क व नाली की सुविधा - कहा कि अंसारी मोहल्ले के गलियां आज भी नाली विहीन है। सड़क भी कच्ची है। वहीं, कई स्थानों पर सड़के जर्जर हो गई है। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम को चाहिए कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर नाली एवं सड़का का निर्माण कराये। लेकिन नगर निगम इस मोहल्ले के विकास को लेकर अपनी सक्रियता नहीं दिखता। वहीं, यहां की जनता अपने बदहाली पर जीवन गुजारने को विवश है। कहा कि कई स्थानों पर नालियां जर्जर है। नालियों को मरम्मत करने की आवश्यकता है। यह काम भी नहीं हो पा रहा है। लोग शिकायत लेकर अपने पुर्व नगर पार्षद के पास हीं पहुंचते है। जिनके माध्यम से नगर निगम तक सूचना भेजी तो जाती है। लेकिन कई बार काम नहीं होता है। डस्टबिन तक की सुविधा नहीं है, जहां लोग कचरा डंप कर सके।

मच्छर एवं मक्खियां का बढ़ा प्रकोप - कहा कि क्षेत्र में साफ-सफाई के अभाव में गंदगी का भरमार है। इस कारण यहां मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। रात को सोना हराम हो जाता है। वहीं, दिन-रात मक्खियों के कारण भोजन करना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम द्वारा नलियों में कीटनाशक आदि का छिड़काव नहीं किये जाने के कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है। बारिश व गर्मी में मच्छारों की संख्या बेइंतहा बढ़ने के कारण परेशानी और बढ़ जाती है। नगर निगम को चाहिए कि समय-समय पर फॉगिंग कराए। ताकि लोगों को मच्छरों से छुटकारा मिल सके। कहा कि नगर निगम अपनी जिम्मेदारी निभाने में पिछड़ता जा रहा है। इस कारण यहां के लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। निगम के अधिकारी सिर्फ टैक्स लेने में सक्रियता दिखाते है। बाकी जिम्मेदारी लेने में कभी सक्रिय नहीं रहते।

नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है सामुदायिक भवन - कहा कि यहां एक सामुदायिक भवन है। कई बार मांग उठने के बावजूद सामुदायिक भवन में बाउंड्री वॉल का काम नहीं किया गया। इसके अभाव में भवन के आस-पास जल जमाव होता है। शाम ढ़लते ही यहां कई नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगता है। इससे यहां लोगों को परेशानी होती है। विवाद के कारण कोई भी उन नशेड़ियों को रोकता-टोकता भी नहीं है। इसके लिए चास थाना को सक्रियाता दिखानी चाहिए। पुलिस पेट्रोलिंग समय-समय पर भ्रमण कर ले तो इससे नशा करने वालों में डर होगा। वहीं, आम जन मानस को हिम्मत मिलेगी। युवाओं को नशा से बचाने के लिए जिला प्रशासन को ठोस कार्रवाई करने के लिए पहल करनी चाहिए।

सुझाव

1. पानी की समस्या को दूर करने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में पानी की सप्लाई देने की आवश्यकता। साथ हीं डीप बोरिंग करवाने की आवश्यकता है।

2. सफाई कर्मी द्वारा नालियों को सतही स्तर पर साफ करने की आवश्यकता है। जिससे लंबे समय तक साफ करने की आवश्यकता ना पड़े।

3. बिजली विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जानी चाहिए। ताकि लोग आवागमन में सुरक्षित महसूस कर सकें। वृद्ध व्यक्तियों का सफर सुखद होगा।

4. सड़कों पर गड्ढे बन जाने के कारण लोगों को परेशानी होती है। विभाग ध्यान देकर मरम्मती का काम कराये। जिससे जलजमाव न हो।

5. कचरा उठाने वालो वाहनों द्वारा समय पर कचरा उठाने का काम किया जाय। ताकि मक्खी एवं मच्छरों का प्रकोप ना हो। फॉगिंग का कार्य भी किया जाय।

शिकायतें

1. अंसारी मोहल्ला पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। जल का स्तर नीचे चला गया। गर्मी के कारण समस्या और भी गंभीर है।

2. सतही स्तर पर नालियों की सफाई नहीं की जाती है। जिसके कारण वह समय से पहले ही भर जाता है। बदबूदायक हो जाती है।

3. पिछले कई वर्षों से सड़क का स्ट्रीट लाइट खराब है। रात्रि के समय आवागमन में परेशानी का कारण बनता है।

4. सड़क की स्थिति जर्जर है। कुछ जगहों पर तो सड़क कच्ची है। जिस पर आवागमन मुश्किल हो गया है।

5. समय पर कचरा नहीं उठाया जाता है। कुछ चुनिंदा जगहों पर ही कचरा उठाया जाता है। गंदगी से मच्छर व मक्खियों का प्रभाव बढ़ गया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।