भाजपा करेगी 80 से ज्यादा बूथ वाले मंडलों का विभाजन
धनबाद में भाजपा ने 80 या उससे अधिक बूथ वाले मंडलों को विभाजित करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में धनबाद महानगर में 17 मंडल हैं, जिन्हें बढ़ाकर 22 किया जाएगा। इसी तरह ग्रामीण भाजपा में भी एक नया मंडल...

धनबाद, विशेष संवाददाता जिस मंडल में 80 या इससे अधिक बूथ हैं, उसे विभाजित कर दो मंडल बनाए जाएंगे। यह निर्णय प्रदेश भाजपा ने लिया है। बूथों की संख्या के आधार पर प्रदेश भर में मंडलों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। धनबाद महानगर को भी 80 बूथ वाले मंडल एक और नए मंडल के सृजन के लिए अविलंब प्रस्ताव मांगा गया है। अंदरखाने सूचना है कि नए मंडलों की घोषणा के साथ ही सभी मंडल अध्यक्षों के नाम की घोषणा की जाएगी। धनबाद महानगर के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आजकल में बैठक कर प्रदेश को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
वर्तमान में धनबाद महानगर में 17 मंडल हैं। इनमें झरिया नगर, जोड़ापोखर, धनबाद सदर, महुदा एवं बाघमारा मंडल में 80 से अधिक बूथ हैं। इन्हीं पांच मंडलों में एक-एक और नए मंडल का निर्माण किया जाएगा। यानी धनबाद महानगर में मंडलों की संख्या 17 की जगह अब 22 हो जाएगी। ग्रामीण भाजपा में भी एक नए मंडल का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण भाजपा में वर्तमान में 18 मंडल हैं, जो बढ़कर 19 हो जाएंगे। मालूम हो कि धनबाद भाजपा को सांगठनिक रूप से दो जिले धनबाद महानगर और धनबाद ग्रामीण में विभाजित किया गया है। धनबाद महानगर में धनबाद, झरिया और बाघमारा विधानसभा है। वहीं ग्रामीण भाजपा में सिंदरी, निरसा एवं टुंडी विधानसभा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।