Residents of Shivshakti Nagar Demand Civic Amenities Amidst Monsoon Challenges बोले धनबाद: शिवशक्ति नगर के लोगों को बरसात की आहट से होने लगती है घबराहट, Dhanbad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsResidents of Shivshakti Nagar Demand Civic Amenities Amidst Monsoon Challenges

बोले धनबाद: शिवशक्ति नगर के लोगों को बरसात की आहट से होने लगती है घबराहट

शिवशक्ति नगर के नागरिकों ने हिन्दुस्तान अखबार को बताया कि वे नगर निगम की उपेक्षा से परेशान हैं। बरसात में जलजमाव और गंदगी की समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने स्ट्रीट लाइट और नाली निर्माण की मांग की है,...

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबादSun, 4 May 2025 06:46 PM
share Share
Follow Us on
बोले धनबाद: शिवशक्ति नगर के लोगों को बरसात की आहट से होने लगती है घबराहट

दिन के 11.30 बज रहे हैं। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान की बोले धनबाद की टीम शिवशक्ति नगर, लॉ कॉलेज रोड में संवाद के लिए आई है। यहां के लोग समस्याओं से परेशान हैं। वार्ड नंबर 26 में स्थित शिवशक्ति नगर के लोग नगर निगम को नियमित होल्डिंग टैक्स का भुगतान करते हैं। अन्य टैक्स भी देते हैं। इसके बाद भी यहां नागरिक सुविधाओं का अभाव है। यहां के नागरिकों का कहना है कि नगर निगम हमारी उपेक्षा कर रहा है। जनप्रतिनिधि भी हमारी समस्या समाधान की पहल नहीं करते हैं। लोगों का कहना है कि हम चाहते हैं कि नगर निगम हमें हर नागरिक सुविधा उपलब्ध कराए।

बरसात आने को है। इसकी आहट से ही घबराहट होने लगी है। कारण यह है कि बरसात के साथ इस कॉलोनी की समस्या और बढ़ जाती है। गंदगी का अंबार लग जाता है। जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बिजली की स्थिति भी ठीक नहीं है। नगर निगम ने स्ट्रीट लाइटें भी नहीं लगाई हैं। इस कारण परेशानी और बढ़ जाती है। हमारी समस्या के लिए न तो नगर निगम सुनवाई करता है और न ही जनप्रतिनिधि ही ध्यान देते हैं। उक्त बातें शनिवार को शिवशक्ति नगर, बिनोद नगर के नागरिकों ने आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान से कही। हिन्दुस्तान अखबार की बोले धनबाद टीम शिवशक्ति नगर के लोगों से संवाद के लिए गई थी। वहां के लोगों ने खुल कर अपनी समस्याओं के बारे में बताया। समस्या समाधान के लिए पहल की गुहार भी लगाई। वहां की महिलाओं ने बताया कि कॉलोनी में समस्याओं की भरमार है। बरसात होते ही सड़क तथा गलियों में पानी जम जाता है। एक दिन की बारिश के बाद पांच-छह दिन जलजमाव की स्थिति बन आती है। पिछले कुछ दिन बारिश हुई थी तो पांच-छह दिनों तक पानी जमा रह गया था। बारिश में तो सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। नई-नई कॉलोनी बसी है। आसपास जंगल-झाड़ भी हैं। बरसात के दिनों में सांप-बिच्छू भी सड़कों पर निकल आते हैं। दिन में तो किसी तरह सड़क पर पैदल चलते हैं लेकिन रात में तो स्थिति भयानक हो जाती है। यहां के लोगों ने नगर निगम से कई बार गुहार लगाई। आवेदन दिया। अधिकारियों से मिले लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। अधिकारी जलजमाव से मुक्ति का आश्वासन तो देते हैं लेकिन इस पर कोई जमीनी कार्यवाही नहीं होती है। हमारी मांग है कि मोहल्ले में जल्द से जल्द नाली का निर्माण किया जाए ताकि आनेवाले बरसात में हमें जलजमाव से मुक्ति मिल जाए। नागरिकों ने बताया कि यहां स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं है। यह नगर निगम के वार्ड नंबर 26 में पड़ता है। पांच हजार आबादी आसपास निवास करती है। दो हजार से अधिक वोटर भी हैं लेकिन हमारी समस्याओं के समाधान की पहल जनप्रतिनिधि भी नहीं करते हैं। जनप्रतिनिधियों से कई बार स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए पहल का अनुरोध किया गया। जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया। पत्र भी नगर निगम को लिखा गया लेकिन निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। नगर निगम के अधिकारी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं। नागरिकों ने कहा कि बरसात की आहट से ही घबराट होने लगती है। सड़क तथा गली पानी से भर जाता है। दिन में तो किसी तरह काम चला लेते हैं लेकिन रात में सड़क तथा गली में निकलना मुश्किल हो जाता है। गली तथा सड़कों पर अंधेरा का साम्राज्य कायम हो जाता है। बीमारी की स्थिति में सबसे अधिक होती है परेशानी नागरिकों ने कहा कि बरसात के समय रात-बेरात घर में किसी की तबीयत खराब होने पर सबसे अधिक परेशानी होती है। यहां अधिकतर मध्यम आय वाले परिवार निवास करते हैं। अधिकतर लोग दोपहिया वाहन का इस्तेमाल करते हैं। बरसात में ऑटो-टोटो वाले भी यहां आने को तैयार नहीं होते। रात में तो कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट का साधन नहीं मिलता है। अगर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो जाए तो रात में आने-जाने में सुविधा होगी। स्ट्रीट लाइट होने पर रात में भी ऑटो-टोटो वाले इस मोहल्ले में आने में नहीं कतराएंगे। सुझाव 1. मोहल्ले में नाली का निर्माण कराया जाए। इससे जलजमाव से निजात मिलेगी। 2. सफाईकर्मियों को यहां भेजा जाए। ऐसा होने से मोहल्ले की गंदगी कम होगी। 3. स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए। इससे रात में आने-जाने में होगी सुविधा। 4. आपसी समन्वय से समस्या का किया जाए समाधान। 5. जलजमाव से निजात के दूसरे तरीके पर भी नगर निगम विचार करे। शिकायतें 1. नगर निगम हमारी समस्याओं के समाधान पर ध्यान नहीं देता है। 2. निगम क्षेत्र में होने के बाद भी यहां सफाई के लिए कर्मी नहीं आते हैं। 3. नाली का निर्माण नहीं करा रहा है निगम। अन्य उपाय भी नहीं अपनाए जा रहे। 4. कई बार की मांग के बाद भी निगम इस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट नहीं लगा रहा। 5. जनप्रतिनिधि भी हमारी समस्या के समाधान की पहल नहीं कर रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।