विद्युत उपकेंद्र रामगढ़ का बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, मिली कई अनियमितताएं
-मिल रही लगातार शिकायत के बाद बीडीओ रामगढ़ शुक्रवार की शाम अचानक पहुंचे विद्युत उपकेंद्र रामगढ़विद्युत उपकेंद्र रामगढ़ का बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण,

रामगढ़, प्रतिनिधि।लगातार मिल रही शिकायत के बाद शुक्रवार की देर शाम रामगढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने विद्युत उपकेंद्र रामगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन कर्मी बगैर सूचना के गायब मिले। ज्ञात हो कि विद्युत उपकेंद्र रामगढ़ में सुभाष चंद्र दास जूनियर लाईनमैन के पद पर तैनात हैं, जबकि तकनीकी सहायक के पद पर अजय कुमार मिश्रा, विनोद कुमार साहु, सुखलाल मुर्मू तथा प्रधान मुर्मू पदस्थापित हैं। इन चारों की ड्यूटी पावर सबस्टेशन में लगाई गई है। ड्यूटी के रोस्टर चार्ट के हिसाब से 8-8 घंटे के शिफ्ट में ड्यूटी की जानी चाहिए। लेकिन व्यावहारिक रूप से इस ड्यूटी रोस्टर का पालन नहीं होता।
बीडीओ के औचक निरीक्षण में पता चला कि चारों में से कोई एक व्यक्ति लगातार सात-आठ दिन तक प्रतिदिन तीनों शिफ्ट में ड्यूटी पर रहता है तथा शेष तीनों व्यक्ति अपने-अपने घरों में रहते हैं। निरीक्षण के दौरान जूनियर लाईनमैन सुभाष चंद्र दास एवं तकनीकी सहायक प्रधान मुर्मू ही ड्यूटी पर उपस्थित थे। शेष अजय कुमार मिश्रा, विनोद कुमार साहू तथा सुखलाल मुर्मू बगैर सूचना की अनुपस्थित थे। प्रधान मुर्मू ने बीडीओ को बताया कि रामगढ़ सहित लगभग पूरे जिले में इसी प्रकार से काम हो रहा है। एक व्यक्ति लगातार तीनों शिफ्ट में सात-आठ दिन तक काम करता हैं तथा शेष कर्मी अपने घरों में रहते हैं। इस तरह से एक व्यक्ति सात-आठ दिन की ड्यूटी के बाद पूरा महीना अपने घर में बिताता है। बीडीओ के मांगने के बाद भी कर्मियों द्वारा उपस्थिति रजिस्टर बीडीओ के सम्मुख उपस्थित नहीं किया। विद्युत उपकेंद्र रामगढ़ में गड़बड़ी तथा अव्यवस्था की शिकायतें लगातार मिल रही थी। औचक निरीक्षण के क्रम में शिकायतों की पुष्टि हुई। पांच स्थाई कर्मियों में से तीन गायब मिले। कर्मियों द्वारा कार्य रोस्टर का पालन नहीं किया जा रहा है। संबंधित कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता की जानकारी के बिना ऐसी अनियमितता संभव नहीं है। सभी दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। कमलेंद्र कुमार सिन्हा प्रखंड विकास पदाधिकारी रामगढ़
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।