भीषण लू की चपेट में गढ़वा, मरीजों की संख्या बढ़ी
गढ़वा में पिछले चार दिनों से गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। लू के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में और...

गढ़वा, प्रतिनिधि। पिछले चार दिनों से लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पूरा जिला लू की चपेट में है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोमवारऔर मंगलवार को आसमान में बादल होने के कारण लोगों को कुछ राहत मिली। लू के कारण अस्पतालों में हीट वेव के शिकार मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। गर्मी बढ़ने का असर आम लोगों के अलावा जानवरों पर भी पड़ रहा है। जानवर भी कई इलाकों में तालाबों का पानी सूख जाने के कारण प्यास बुझाने को जहां-तहां भटकने को विवश हैं। तेज धूप और लू के कारण दिन के 11 बजे ही घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
इस बीच अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गर्मी के साथ गर्म हवा चलने से लू का भी प्रकोप सामने आने लगा है। उधर मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना व्यक्त की है। लगातार बढ़ती गर्मी से बचाव के लिए लोग मुंह बांध कर अथवा मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। कई इलाकों में लोग दिन के दस बजे के बाद छाता हाथ में लेकर निकल रहे हैं ताकि वह गर्मी से खुद को बचा सकें। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दिन का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने का अनुमान है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच अस्पतालों में डायरिया व पेट में दर्द जैसी शिकायतों को लेकर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है। उसे देखते हुए चिकित्सक भी लोगों को इस मौसम में अभी से सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। डॉ टी पीयूष ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए लोगों को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। उन्होंने लोगों को तला, भूना चीज खाने से परहेज करने और सूती कपड़ा पहनने के साथ ही तेज धूप में घर से कम निकलने की सलाह दी है। सदर अस्पताल में सबसे ज्यादा लू के मरीज हैं। बढ़ते तापमान के साथ ही सदर अस्पताल में हीट वेव के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सदर अस्पताल में सोमवार को सबसे ज्यादा हीट वेव के मरीज ही मिले। सदर अस्पताल में 267 लोगों ने इलाज करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। उनमें 172 लोग सर्दी, खांसी, बुखार, डायरिया के मरीज थे। उधर कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी में प्रतिदिन 45 से 50 मरीज पहुंच रहे हैं। उनमें सर्दी, खांसी, बुखार के मरीज थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।