Grand Kalash Yatra for Prana Pratishtha of Maa Bhagwati in Tisri तिसरी: लोकाय में शतचंडी महायज्ञ को लेकर निकाली गई कलश यात्रा, Gridih Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsGrand Kalash Yatra for Prana Pratishtha of Maa Bhagwati in Tisri

तिसरी: लोकाय में शतचंडी महायज्ञ को लेकर निकाली गई कलश यात्रा

तिसरी के लोकाय में मां भगवती की प्राण प्रतिष्ठा हेतु शतचंडी महायज्ञ के लिए कलश यात्रा निकाली गई। 301 युवतियों और महिलाओं ने कलश लेकर यात्रा की। सभी ने विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की। महायज्ञ का...

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीहFri, 30 May 2025 06:27 AM
share Share
Follow Us on
तिसरी: लोकाय में शतचंडी महायज्ञ को लेकर निकाली गई कलश यात्रा

तिसरी। श्री श्री 108 मां भगवती की प्राण प्रतिष्ठा हेतु शतचंडी महायज्ञ को लेकर तिसरी के लोकाय में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के साथ ही 5 दिवसीय शतचंडी सह श्रीमद भागवत महायज्ञ प्रारंभ हो गया। कलश यात्रा लोकाय गांव स्थित भगवती मां की मंदिर से गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। 301 युवतियों और महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर भगवती मंदिर से निकल कर मुख्य मार्ग से लोकाय और नयनपुर गांव का भ्रमण करते हुए घाघरा नदी पहुंची। जहां पर पुजारियों द्वारा पूरे विधि विधान से गंगा मईया की पूजा करने के उपरान्त महिलाओं और युवतियों ने कलश में जल भरकर पुनः लोकाय पंचायत भवन होते हुए भगवती मंदिर के पास पहुंची।

भ्रमण के क्रम में शिव मंदिर, बजरंगबली मंदिर और दुर्गा मंदिर में पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। इसके पश्चात यज्ञ स्थल पहुंचने पर महिलाओं और युवतियों द्वारा यज्ञ स्थल की परिक्रमा की गई। महिलाओं द्वारा परिक्रमा करने के बाद पुजारियों द्वारा पूजा-अर्चना कर पूरे विधि विधान से कलश की स्थापना की गई। कलश यात्रा में भारी संख्या में पुरुष भक्त भी शामिल थे। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर लोकाय नयनपुर के थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी सहित अन्य पुलिस के जवान कलश यात्रा में साथ चल रहे थे। इस दौरान कलश यात्रा में शामिल भक्तों द्वारा दुर्गा माता की जय, बजरंगबली की जय, जय श्री राम आदि जयकारे लगाए गए। भक्तों के जयकारे से क्षेत्र का पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान भारी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। आचार्य ने बताया कि यज्ञ के पहले दिन पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन, श्रीमद भागवत पाठ तथा रात्रि बेला बनारस से आए महाराज जी द्वारा प्रवचन का कार्यक्रम किया जाएगा। दूसरे दिन शुक्रवार को चंडीपाठ, गांव भ्रमण और रात में प्रवचन किया जाएगा। इसी तरह दोनों दिन चंडीपाठ और प्रवचन का कार्यक्रम किया जाएगा। 1 जून को हवन व पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ सम्पन्न हो जाएगा। महायज्ञ कमेटी के अध्यक्ष गोपी साव, सचिव संजय मंडल, यजमान इंद्रदेव साव व नेमिया देवी, माले नेता जयनारायण यादव, किशुन यादव, मुखिया पति तालो हांसदा, यज्ञ कमेटी के सदस्य परमेश्वर साव, संत साव,भीम मंडल, मनोज शर्मा, बालेश्वर यादव, राजू मंडल, विकास मंडल, टिंकू मंडल, महेंद्र यादव, तिलक राय, सुरेश साव, अमृत साव, गोविंद साव, खीरू साव सहित भारी संख्या में महिला व पुरुष भक्तगण कलश यात्रा में शामिल थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।