पूर्वी सिंहभूम में हो रही बांग्लादेशियो को बसाने की साजिश, जन्म प्रमाण पत्र बनवाना इसी का हिस्सा :गोस्वामी
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने पूर्वी सिंहभूम में बांग्लादेशियों के सुनियोजित बसने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मटियाबांधी पंचायत में 4411 जन्म प्रमाण पत्र जारी हुए,...
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने आरोप लगाया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में सुनियोजित तरीके से बांग्लादेशियों को बसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाकुलिया के मटियाबांधी पंचायत में जिस प्रकार 1 साल के भीतर 4411 जन्म प्रमाण पत्र जारी हुए और उसमें 715 समुदाय विशेष के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बने, उससे इस बात की पुष्टि होती है। वे मंगलवार को साकची स्थित भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। गोस्वामी ने दावा किया कि जमशेदपुर से बहरागोड़ा तक बांग्लादेशियों के सरकारी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मटियाबांधी में मात्र 900 परिवार हैं इसके बावजूद वहां 1 साल में 4411 जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए इससे इस साजिश की गंभीरता का पता चलता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दरअसल जन्म प्रमाण पत्र के बहाने बांग्लादेशियो को यहां का नागरिक बनाने के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इसके पीछे एक बड़ा रैकेट काम कर रहा है। उन्होंने रांची में आरिफ आलम के गिरफ्तारी और बोकारो के व्यक्ति का जन्म प्रमाण पत्र जमशेदपुर से जारी होने को इसका सबूत बताया। गोस्वामी ने बीते 5 वर्षों के दौरान पूरे राज्य में बने जन्म प्रमाण पत्रों की जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि जब से हेमंत सोरेन पार्ट वन सरकार बनी है तभी से इस फर्जीबाडे का खेल चल रहा है। इसलिए इस मामले की एसआईटी से जांच करने की जरूरत पर बल दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि फर्जी दस्ताबेजो का आलम यह है कि गुड़ाबांदा प्रखंड के बालीजुड़ी पंचायत में जहां कोई मुस्लिम नहीं है, वहां मुस्लिम महिलाओं के द्वारा मैया सम्मान राशि उठाई जा रही है। गोस्वामी ने बोकारो, बुंडू, रांची सहित अन्य जगहों से मटियाबांधी के तार जुड़े होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले की स्थिति संथाल परगना जैसी नहीं हो, इसके लिए जांच जरूरी है। क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का भी मामला है। उन्होंने कहा कि इससे सबसे अधिक नुकसान आदिवासियों को हो रहा है।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने जिले में बालू तस्करी को लेकर भी गंभीर आरोप मध्य। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें सीधे-सीधे झामुमो नेता शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि बहरागोड़ा प्रखंड के उप प्रमुख मनोरंजन होता के खिलाफ बालू तस्करी मामले में 11 मार्च को नामजद प्राथमिक की दर्ज कराई गई थी, इसके बावजूद आज तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने विधायक समीर मोहंती से मनोरंजन होता की निकटता का आरोप लगाया। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि अगर इन मामलों में कार्रवाई नहीं होती है तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।