अधिकारियों ने प्रखंडों में जाकर की योजनाओं की पड़ताल
पूर्वी सिंहभूम जिले में सरकारी योजनाओं और सेवाओं की सच्चाई जानने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष निरीक्षण अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान हर शनिवार को चलाया जाएगा, जिसमें नोडल अधिकारी विभिन्न पंचायतों...

पूर्वी सिंहभूम में सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जमीनी सच्चाई को परखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर यह अभियान प्रत्येक शनिवार को संचालित हो रहा है, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों के पंचायतों व वार्डों का नोडल पदाधिकारियों द्वारा दौरा किया जा रहा है। इस शनिवार परियोजना निदेशक आईटीडीए दीपांकर चौधरी, एसडीओ धालभूम शताब्दी मजूमदार, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, एनईपी निदेशक संतोष गर्ग, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीसीएलआर नीत निखिल सुरीन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी, एसओआर राहुल आनंद, जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय समेत अन्य अधिकारियों ने जिले के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इनमें पोटका, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला, मुसाबनी, डुमरिया, धालभूमगढ़, बहरागोड़ा, चाकुलिया के पंचायतों एवं जमशेदपुर नगर निगम सहित तीनों नगर निकायों के वार्डों में निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, मनरेगा कार्यस्थल, पंचायत भवन, और जन वितरण प्रणाली दुकानों का निरीक्षण कर शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता व खाद्यान्न वितरण की गुणवत्ता और पहुंच का मूल्यांकन किया। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि समय पर सुधारात्मक कार्रवाई करना भी है, ताकि हर नागरिक को योजनाओं का पारदर्शी और ससमय लाभ मिल सके। यह निरंतर अनुश्रवण एक बेहतर प्रशासनिक मॉडल की ओर कदम है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।