झारखंड में 5 दिन लगातार होगी बारिश, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; ऑरेंज अलर्ट
- Jharkhand Weather: झारखंड का मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे झारखंड में 5 दिन तक लगातार बारिश होने की संभावना है।

Jharkhand Mausam: झारखंड की राजधानी रांची समेत कई इलाकों में मौसम बदलने वाला है। बुधवार से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार से अधिकतम पारे में कमी आ सकती है। बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात होने के आसार हैं। अधिकतम पारा में चार डिग्री तक की गिरावट होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 10 मार्च को राज्य के सभी हिस्सों में बादल छाएंगे और कुछ जगहों पर बारिश होगी। जबकि, गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम 14 मार्च तक जारी रह सकता है। मौसम के इस परिवर्तन से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
इस कारण मौसम में हो रहा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में एक निम्न दबाव क्षेत्र बनकर व्यापक हो रहा है। इसका विस्तार खाड़ी के मध्य-पश्चिमी भाग तक है। प्रारंभिक क्रम में अगले 24 घंटे के दौरान यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके बाद इसकी दिशा उत्तर-पूर्व की ओर हो जाएगी। इससे झारखंड आनेवाली हवा के रूख में पूरी तरह से परिवर्तन होगा। दक्षिण-पश्चिम हवा के कारण यहां बादल छाए रहेंगे और जगह-जगह हल्की बारिश होगी। एक निम्न दबावों वाली ट्रफ लाइन यूपी से लेकर उत्तरी बांग्लादेश तक कायम है। यह बिहार होकर गुजर रहा है। मौसम बदलाव के लिए यह अनुकूल होगा।
मेदिनीनगर रहा सबसे गर्म : राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान गर्मी रही। हालांकि, रांची समेत अन्य जिलों के तापमान में कमी आई है। यह गिरावट एक से दो डिग्री तक की रही। रांची का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा। यह पिछले 24 घंटे के तापमान से 2.1 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिकतम तापमान मेदिनीनगर का रहा। यहां अधिकतम पारा 40.9 डिग्री तक पहुंच गया।
झारखंड के मौसम को लेकर जानकारी देते हुए वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में बने निम्न दबाव का असर झारखंड पर भी पड़ेगा। इसके प्रभाव से राज्य में अगले छह दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव होगा। इससे अधिकतम तापमान में कमी आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।