एक साथ चुनाव होने से समस्या से बचा जा सकता है : चैंबर
झारखंड चैंबर ने वन नेशन-वन इलेक्शन विषय पर संगोष्ठी आयोजित की। सदस्यों ने चुनाव सुधार के लाभ और प्रभावों पर चर्चा की। चैंबर अध्यक्ष ने बार-बार चुनावों के आर्थिक प्रभावों पर चिंता जताई। सभी वर्गों से...

रांची, संवाददाता। झारखंड चैंबर की ओर से मंगलवार को चैंबर भवन में वन नेशन-वन इलेक्शन विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान सदस्यों ने प्रस्तावित चुनाव सुधार के महत्व, लाभ और दीर्घकालिक प्रभावों के बारे में चर्चा की। झारखंड चैंबर ने कहा कि देशहित में चुनाव सुधार की इस पहल का हम स्वागत करते हैं। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सबसे अधिक हमारे व्यापारी बंधु प्रभावित होते हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। सदस्यों ने कहा कि चुनाव के दौरान पंडरा का पूरा बाजार लगभग दो माह तक पूरी तरह से प्रभावित रहता है। शिक्षकों और बैंककर्मियों की व्यस्तता के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई और बैंकिंग कार्य भी प्रभावित होते हैं। प्रशासनिक कार्य भी बंद रहते हैं। देश में एक साथ चुनाव होने से बार-बार होनेवाली समस्या से बचा जा सकता है। पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव यह कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि एक विकसित भारत और वाईब्रेंट डेमोक्रेसी का मुद्दा है। यह एक विकसित, सक्षम और सशक्त भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जो न केवल प्रशासनिक लागत को कम करेगा, बल्कि लोकतंत्र को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाएगा।
एक साथ चुनाव से जनता की भागीदारी बढ़ेगी
पूर्व उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि एक साथ चुनाव होने से देश के संसाधनों की बचत के साथ ही चुनाव में जनता की भागीदारी बढ़ती है। जनता की समस्या का समाधान होने में विलंब बार-बार चुनाव होना ही मुख्य बाधा है। पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा और धीरज तनेजा ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि एक बार चुनाव होने से सबसे अधिक प्रसन्न गृहणियां होंगी। निवर्तमान अध्यक्ष किशोर मंत्री ने समाज के सभी वर्ग से देशहित के इस मुद्दे पर समर्थन करने और जागरुकता फैलाने की अपील की। चर्चा के दौरान इसके समर्थन में संताल परगना प्रमंडल से 1000 पोस्टकार्ड राष्ट्रपति को भेजने के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने आश्वस्त किया। मौके पर उपाध्यक्ष ज्योति कुमारी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार, संजय अखौरी, पूनम आनंद, अंकिता वर्मा, मनोज मिश्रा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।