Residents Demand Urgent Road Widening in Ranchi s Argoda Area Amidst Traffic Woes बोले रांची: चौड़ी सड़क का भ्रम मिटाइए जाम का जंजाल अब हटाइए, Ranchi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsResidents Demand Urgent Road Widening in Ranchi s Argoda Area Amidst Traffic Woes

बोले रांची: चौड़ी सड़क का भ्रम मिटाइए जाम का जंजाल अब हटाइए

रांची के अरगोड़ा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की मांग तेज हो गई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सरकार पिछले कई वर्षों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को लटका रही है। जाम की समस्या, भूमि अधिग्रहण में...

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीTue, 22 April 2025 05:58 PM
share Share
Follow Us on
बोले रांची: चौड़ी सड़क का भ्रम मिटाइए जाम का जंजाल अब हटाइए

रांची, संवाददाता। रांची के अरगोड़ा से कटहल मोड़ और पुंदाग क्षेत्र में शहर का तेजी से विकास हो रहा है। वर्तमान में एक लाख से अधिक की आबादी इस क्षेत्र में रहती है। यहां की बनती-बदलती सुविधा और स्थिति पर सोमवार को हिन्दुस्तान का ‘बोले रांची कार्यक्रम हुआ। इसमें अरगोड़ा के लोगों और रैयतों ने अपनी परेशानियोंं को साझा किया। कहा, आधुनिकीकरण की बयार में अरगोड़ा के निवासियों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पहले ऐसा नहीं था, अब अक्सर ही जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही अरगोड़ा-कटहल मोड़ मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर भी लोगों ने सवाल खड़े किए। कहा-इस मार्ग का उपयोग करने वाले यहां प्रतिदिन जाम में फंसते हैं। हिन्दुस्तान के ‘बोले रांची कार्यक्रम में अरगोड़ा के रैयत शामिल हुए। कहा, अरगोड़ा-कटहल मोड़ सड़क चौड़ीकरण परियोजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है, इससे स्थानीय निवासियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। अरगोड़ा के रैयतों का आरोप है कि सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना के नाम पर उन्हें लंबे समय से भ्रमित कर रही है। वर्तमान में, पुराने अरगोड़ा चौक से चापुटोली तक मौजूद 20 फीट चौड़ी सड़क को मात्र 10 फीट अतिरिक्त चौड़ा करने की योजना प्रस्तावित है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में निराशा है। वे विकास के महत्व को समझते हैं और एक बेहतर आधारभूत संरचना की आवश्यकता को स्वीकार करते हैं।

उनका मुख्य तर्क यह है कि सरकार को वर्तमान में अल्पकालिक दृष्टिकोण अपनाने के बजाय एक दूरदर्शी योजना के तहत सड़क को पर्याप्त रूप से चौड़ा करना चाहिए, ताकि आने वाले 40 से 50 वर्षों तक यातायात संबंधी किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। उनका मानना है कि बार-बार आंशिक चौड़ीकरण कार्य करने से न केवल अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता है, बल्कि सरकारी संसाधनों का भी दुरूपयोग होता है। अरगोड़ा-कटहल मोड़ सड़क मार्ग राजधानी का एक अत्यंत महत्वपूर्ण शहरी मार्ग है, जो रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-23 को आपस में जोड़ता है। इसके अलावा, अरगोड़ा चौक से एक तरफ अशोक नगर, एचईसी और हरमू बाईपास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए भी सीधा संपर्क मार्ग प्रदान करता है। इस कारण से, इस सड़क पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है।

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में हो सुधार

रैयतों ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर भी अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं। उनका कहना है कि सरकार ने सड़क चौड़ीकरण के लिए कई लोगों की जमीन का अधिग्रहण किया है और इसके एवज में कुछ लोगों को मुआवजे का भुगतान भी कर दिया गया है। हालांकि, उनकी मांग है कि भू अर्जन की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनाया जाना चाहिए। उनका सुझाव है कि सरकार को डोर-टू-डोर सर्वे करना चाहिए ताकि प्रत्येक प्रभावित परिवार की विशिष्ट परिस्थितियों का आकलन किया जा सके। रैयतों का तर्क है कि क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की संपत्तियां मौजूद हैं। किसी के पास केवल जमीन है, तो किसी के पास एक मंजिला या दो मंजिला इमारतें हैं। मुआवजे की राशि का निर्धारण इन सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। वर्तमान में अपनाई जा रही एक समान मुआवजा नीति से कई रैयत असंतुष्ट हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि उनकी संपत्ति के वास्तविक मूल्य का आकलन नहीं किया गया है।

भविष्य को देख चौड़ीकरण का कार्य हो

रैयतों का कहना है कि सरकार को उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए और एक ऐसी व्यापक योजना बनानी चाहिए जो वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा कर सके।

कहा, उनका विरोध विकास के प्रति नहीं है। वे चाहते हैं कि सरकार एक बार में ही पर्याप्त चौड़ी सड़क का निर्माण करे, जिससे आने वाले दशकों में इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात की कोई समस्या न हो। इसके साथ ही, वे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और उचित मुआवजे की मांग करते हैं, ताकि क्षेत्र के किसी भी रैयत के साथ अन्याय न हो।

सड़क चौड़ीकरण से ही बदलेगी व्यवस्था

अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ की ओर कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई काफी कम है, जिसके कारण अक्सर सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पूरी लंबाई में अभी यह सड़क इंटरमीडिएट और डबल लेन है, जिसे अब और अधिक चौड़ा करने की योजना है। स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों को उम्मीद है कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार आएगा और लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। सुबह 7 बजे से रात के 11 बजे तक इस रोड पर जाम की समस्या रहती है। जिससे आसपास के दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बड़े वाहनों का बड़े पैमाने पर आवागमन होता है।

समस्याएं

1. अरगोड़ा सड़क मार्ग के चौड़ीकरण का काम वर्षों से लंबित है, रैयत चिंतित हैं।

2. सुबह 7 बजे से ही पुराने अरगोड़ा चौक पर जाम लगने की समस्या शुरू हो जाती है।

3. हर घर नल योजना तीन साल से लंबित, गर्मी में बोरिंग फेल होने से पानी की समस्या।

4. ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं, बारिश के समय पानी निकास नहीं होने से जलजमाव की स्थिति।

5. स्मार्ट मीटर लगने के बाद से नहीं भेजा जा रहा बिजली बिल, एक बार में बढ़ेगा आर्थिक बोझ।

सुझाव

1. दूरदर्शी सोच के साथ हो अरगोड़ा सड़क का चौड़ीकरण, भू अर्जन पारदर्शी हो।

2. जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए उपाय करे जिला प्रशासन।

3. हर घर नल योजना का लाभ लोगों को मिले, गर्मी के दिनों में नगर निगम की ओर से पानी की व्यवस्था की जाए।

4. ड्रेनेज की बेहतर व्यवस्था पर नगर निगम ध्यान दे, नालियों की नियमित रूप से सफाई हो।

5. बिजली मीटर की नियमित जांच हो, प्रतिमाह बिजली बिल आए।

खंभों से झूल रहे केबल तार

अरगोड़ा इलाके में बिजली के तारों को व्यवस्थित कर दिया गया है, फिर भी वहां के खंभों पर तार का जाल फैला रहता है। लोगों ने बताया कि केबल वाले तारों को व्यवस्थित ठंग से नहीं लगाते हैं। जिस कारण यहां तार झूलते रहते हैं। इससे कई बार बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। लोगों ने कहा, केबल वालों को सही से तारों को जोड़ते हुए व्यवस्थित करना चाहिए, जिससे कोई हताहत न हो।

:: बोले लोग ::

अरगोड़ा के रैयत क्षेत्र के विकास के पक्ष में हैं। भूमि अधिग्रहण को लेकर कभी भी विरोध नहीं रहा। लोगों का कहना है कि भू अर्जन पारदर्शी रूप से दूरदर्शी सोच के साथ हो। एक बार में 20-30 फिट भूमि का अर्जन हो। जिस भूमि पर जैसा निर्माण हुआ है, जो लोग भू अर्जन से प्रभावित होंगे, उन्हें उसी प्रकार से मुआवजा दिया जाए।

- पंकज कुमार साहू

अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने पर कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई काफी कम है। इसके कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सुबह 7 से रात के 11 बजे तक जाम की समस्या बनी रहती है। इससे आसपास के दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोग समय पर पहुंचने की जगह, फंसे रह जा रहे हैं।

- राजू मुंडा

गर्मी आते ही इस क्षेत्र में पानी की कमी हो जाती है। बोरिंग सूख जाते हैं। हर घर नल योजना से इलाके को जोड़ा जाेड़ा जाए।

-मनमोहन साहू

क्षेत्र में नशाखोरी बढ़ गई है, इसपर प्रशासन को लगाम लगाने की जरूरत है। आए दिन चोरी व छिनतई से लोग परेशान रहते हैं।

-सुभाष साहू

अरगोड़ा में जाम की समस्या से आम जनता काफी परेशान है। लोग अपने कामों में जाने में लेट हो जातेे हैं। इसका समाधान निकले।

-नयन साहू

पुराने अरगोड़ा चौक पर पूरे दिन जाम कि समस्या बनी रहती है। कई बार जाम के कारण हादसे भी हो जाते हैं।

-शिव चरण

स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली का बिल नहीं मिला है। एक बार में ज्यादा बिल आने पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

-रामकिशोर ठाकुर

अरगोड़ा क्षेत्र में ड्रेनेज की कमी है। हालांकि, कई नालियां बनी हुईं हैं, लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से लाभ नहीं मिल पा रहा।

-कामरान खान

सरकार को सड़क को लेकर योजना बनानी चाहिए। जिससे लोग वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा कर सकें।

-पवन साहू

अरगोड़ा मैदान की स्थिति खराब होते जा रही है। पाथवे पर लगे टाइल्स टूट रहे हैं। मैदान में लगी लाईट भी खराब हो गई है।

-मनिष उरांव

2011 से सरकार सड़क चौड़ीकरण की बात कह रही है, लेकिन आजतक योजना को धरातल पर उतारा नहीं गया है।

-राजेश साहू

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।