आम खाने में आपको भी लगता है मोटापे या शुगर बढ़ने का डर? जानें क्या कहती हैं न्यूट्रिशनिस्ट is mango good or bad for diabetes weight gain here are myths, हेल्थ टिप्स - Hindustan
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़हेल्थis mango good or bad for diabetes weight gain here are myths

आम खाने में आपको भी लगता है मोटापे या शुगर बढ़ने का डर? जानें क्या कहती हैं न्यूट्रिशनिस्ट

आम आपको खूब पसंद है, पर कभी वजन बढ़ने तो कभी डायबिटीज के डर से आप गिन-गिनकर आम के फांकें खाती हैं। पर, ऐसा करना बुद्धिमानी नहीं क्योंकि आम सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। आम से जुड़े फायदे और मिथकों की पड़ताल कर रही हैं शमीम खान

Kajal Sharma हिन्दुस्तानFri, 30 May 2025 11:54 AM
share Share
Follow Us on
आम खाने में आपको भी लगता है मोटापे या शुगर बढ़ने का डर? जानें क्या कहती हैं न्यूट्रिशनिस्ट

आम की लगभग एक हजार किस्में दुनिया भर में पाई जाती हैं और शायद उतने ही तरीकों से आम को खाया भी जा सकता है। आप चाहें तो इसे कच्चा खाएं या पकने के बाद इसे चूस लें, काटकर खाएं या फिर गिलास में भरकर पी जाएं। मैंगो आइसक्रीम और मैंगो कुल्फी के रूप में जमाकर खाएं या काटकर फ्रूट सलाद बना लें, मर्जी है आपकी। यह एक ऐसा फल है जो खुशबू, स्वाद और सेहत से भरपूर होता है। पर, आम को लेकर बहुत सारी गलतफहमियां भी हैं। आपने यह तो बहुत बार सुना होगा कि अच्छी सेहत के लिए एक सेब रोज खाएं, लेकिन आप यह नहीं जानती हैं कि एक आम रोज खाने के भी कई फायदे हैं। तो आज जानिए आम के फायदों और इससे जुड़ी गलतफहमियों के बारे में:

त्वचा को बनाए चमकदार

आम में विटामिन-सी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा होते हैं। ये सभी त्वचा को स्वस्थ रखने और उसकी प्राकृतिक चमक बनाए रखने के लिए जरूरी हैं। रोजाना एक आम खाने से शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में भी मदद मिल सकती है, जो त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है।

दिल को रखे सेहतमंद

आम पोटैशियम से भरपूर होता है और इसमें मैग्नेशियम भी पाया जाता है। ये दोनों पोषक तत्व दिल को दुरुस्त रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पोटैशियम और मैग्नेशियम रक्तचाप को कम करने में भी मदद करते हैं, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है।

मत कीजिए इन मिथकों पर विश्वास

कई लोग आम खाने से झिझकते हैं। उन्हें लगता है इसमें कार्बोहाइड्रेट और शुगर की मात्रा अधिक होने से यह वजन बढ़ने सहित दूसरी समस्याओं का कारण बन सकता है। पर, सच्चाई तो यह है कि इस फल में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल के साथ-साथ फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। अगर आपको भी आम को लेकर कुछ गलतफहमियां हैं, तो इससे जुड़ा सच आपको जरूर पता होना चाहिए:

मिथक: आम खाने से वजन बढ़ता है

तथ्य: आम वजन नहीं बढ़ाते क्योंकि इनमें विटामिन-ए और सी, आयरन, पोटैशियम, कॉपर अच्छी मात्रा में होते हैं। इनमें कोई वसा, सोडियम और कोलेस्ट्रॉल नहीं होता है। इसमें फाइबर भी काफी मात्रा में होता है, जिससे पेट भरा होने का अहसास होता है।

मिथक: आम मुहांसे और फुंसियों को बढ़ावा दे सकता है

तथ्य: विटामिन-ए, एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल की कमी से मुहांसे या फुंसियां होने का खतरा बढ़ सकता है। आम का पर्याप्त मात्रा में सेवन शरीर में केराटिन नाम के प्रोटीन का उत्पादन बढ़ाता है और आम में ये सभी पोषक तत्व होते हैं।

मिथक: मधुमेह रोगियों के लिए आम ठीक नहीं हैं

तथ्य: यह व्यापक रूप से माना जाता है कि आम खाना मधुमेह रोगियों के लिए उपयुक्त नहीं है। यह सच है कि आम में प्राकृतिक शुगर अधिक मात्रा में होता है, लेकिन इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (55 से नीचे) कम है। इसलिए मधुमेह के रोगी भी बिना किसी परेशानी के थोड़ी मात्रा में इसका सेवन कर सकते हैं। यही नहीं, आम में मैंगिफेरिन नामक एक यौगिक होता है, जो एक महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट है, जो रक्त शर्करा के स्तर को थोड़ा कम कर उसे नियंत्रित करने में मदद करता है।

मिथक: आम आपके शरीर का तापमान बढ़ा सकता है

तथ्य: अधिक मात्रा में आम का सेवन करने से शरीर में उष्मा का स्तर बढ़ता है, इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। आम को खाने से पहले कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें। यह तकनीक शरीर में ऊष्मा के स्तर को बढ़ने से रोकती है।

मिथक: गर्भवती महिलाओं को आम नहीं खाना चाहिए

तथ्य: गर्भावस्था में सामान्य से अधिक वजन बढ़ना और जेस्टेशनल डायबिटीज बड़ी समस्याएं हैं, इसलिए जो गर्भवती महिलाएं इन समस्याओं का सामना कर रही हैं, वो आम का सेवन न करें। बाकी गर्भवती महिलाएं थोड़ी मात्रा में आम का सेवन करें, तो इसमें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

वजन घटाने में सहायक

आम के बारे में एक सामान्य धारणा प्रचलित है कि उसे खाने से वजन बढ़ता है। जबकि सच्चाई तो यह है कि अगर आप एक आम रोज खाएं तो आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है। इसका कारण यह है कि आम में फाइबर प्रचूर मात्रा में होता है, जिससे लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास होता है।

शुगर रहेगा नियंत्रित

आम में फाइबर और दूसरे पोषक तत्व होते हैं, जो शुगर के स्तर को अनियंत्रित होने से रोकता है।

(मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम में कंसल्टेंट, क्लीनिकल एंड फंक्शनल न्यूट्रिशन डॉ. मंजरी चंद्रा से बातचीत पर आधारित)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।