ब्रेकफास्ट में खाना है कुछ हेल्दी, तो यहां बताई रेसिपी से बनाएं वेजिटेबल पैनकेक
नाश्ते में हेल्दी खाना खाने की सलाह दी जाती है, अगर आप खूब सारी सब्जियों से भरपूर कोई हेल्दी डिश खाना चाहती हैं तो वेजिटेबल पैनकेक बनाएं। खूब सब्जियों से बनने वाले ये पैनकेक स्वाद में काफी अच्छे लगते हैं। सीखिए इन्हें बनाने का तरीका।

वैसे तो ब्रेकफास्ट में खूब सारी हेल्दी चीजों को बनाया जा सकते है, लेकिन रोजाना एक जैसा नाश्ता खाकर लोगों को बोरियत होने लगती है। ऐसे में हर दिन कुछ अलग खाने की डिमांड करने वाले लोग कंफ्यूज रहते हैं कि आज क्या खाएं। अगर आप भी इस कंफ्यूजन में रहते हैं तो इस आर्टिकल में हम बता रहे हैं वेजिटेबल पैनकेक बनाने का तरीका। इसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए खूब सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में ये हेल्दी भी होता है। जानिए, बनाने का तरीका-
वेजिटेबल पैनकेक बनाने के लिए आपको चाहिए
- आधा कप बारीक कटा आलू
- आधा कप बारीक कटा गाजर
- आधा कप बारीक कटा पत्तागोभी
- आधा कप बारीक कटी शिमला मिर्च
- आधा कप बारीक कटी प्याज
- दो से तीन कटी हुई हरी मिर्च
- एक मुट्ठी फ्रेश धनिया
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- दो से तीन चुटकी हल्दी पाउडर
- आधा चम्मच धनिया पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- चार बड़े चम्मच बेसन
- चार बड़े चम्मच चावल का आटा
- जरूरत के मुताबिक पानी
- तेल या घी
कैसे बनाएं वेजिटेबल पैनकेक
वेजिटेबल पैनकेक बनाने के लिए आलू, गाजर, पत्तागोभी, शिमला मिर्च और प्याज जैसी सब्जियों को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें और एक बड़े कटोरे में निकाल लें। अब इन्हें एक कटोरे में डालें और इसमें हरी मिर्च, ताजा धनिया भी मिक्स कर लें। फिर इसमें सभी तरह के मसाले डालें और अच्छे से मिक्स कर लें। अब इसमें बेसन और चावल का आटा डालें और पानी के साथ मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार करें। तवा गर्न करें और फिर थोड़ा सा बैटर लें और इसे गर्म तवे पर समान रूप से फैलाएं। पैन केक छोटे साइज के होते हैं इसलिए बैटर ज्यादा न फैलाएं। अब दोनों तरफ से तेल या घी लगाकर पकाएं। सुनहरा भूरा होने पर अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।