भोपाल 'लव जिहाद' केस पर ऐक्शन में महिला आयोग, 6 लड़कियों से रेप मामले में पूर्व DGP करेंगी जांच
भोपाल के कॉलेज में कई लड़कियों के साथ रेप मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। कथित तौर पर ‘लव जिहाद’ के इस मामले में अब महिला आयोग ऐक्शन में नजर आ रहा है। इस मामले की जांच अब महिला आयोग की एक समिति करेगी।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कॉलेज में कई छात्राओं के साथ रेप का मामला सामने आया था। मिली जानकारी के अनुसार उन्हें कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया था। इस मामले से जुड़े 'लव जिहाद' के मामले में अब राष्ट्रीय महिला आयोग की जांच समिति जांच करेगी। आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार भोपाल के एक कॉलेज में कई लड़कियों के साथ रेप की गंभीर घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्वत: संज्ञान लिया है।
महिला आयोग ने संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। घटना से संबंधित तथ्यों को देखते हुए अध्यक्ष विजया रहाटकर ने 3-सदस्यीय एक जांच समिति गठित की है, जिसकी अध्यक्षता पूर्व पुलिस महानिदेशक निर्मल कौर करेंगी। यह जांच समिति 3-5 मई को भोपाल का दौरा कर सभी पक्षों से मुलाकात कर एक विस्तृत रिपोर्ट आयोग को सौंपेगी। आयोग सुनिश्चित करेगा कि दोषियों को सजा और पीड़िताओं को न्याय मिले।
मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक कॉलेज से जुड़ा हुआ है। इस मामले में शहर पुलिस की कार्रवाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। इन आरोपियों ने कॉलेज की छात्राओं को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाते हुए उनसे न केवल रेप किए, बल्कि उनके वीडियो बना कर उन्हें ब्लैकमेल किया। आरोप है कि आरोपियों ने कुछ लड़कियों को फंसाते हुए उनकी सहेलियों से भी संपर्क साधे और इसके बाद उन्हें भी शिकार बनाया। इस दौरान आरोपियों ने लड़कियों को नशे के जाल में फंसाते हुए उन पर धर्म परिवर्तन का भी दबाव मनाया।
चारों आरोपी धर्म विशेष के हैं, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से लड़कियों को अपना शिकार बनाया। इस मामले में अब तक लगभग आधा दर्जन लड़कियां सामने आ चुकी हैं, जिन्होंने पुलिस से संपर्क साधा है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ने के साथ और लड़कियां भी हिम्मत जुटाते हुए आ सकती हैं। आरोप है कि आरोपी लड़कियों को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और इस प्रताड़ना और यौन शोषण के वीडियो क्लिप्स को एक-दूसरे के साथ साझा भी करते थे। इससे यह एक सुनियोजित आपराधिक गिरोह होने की बात कही जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।