आज आएगा लाडली बहन योजना का पैसा, 1 करोड़ 27 लाख महिलाओं को मिलेगा फायदा; 2 और खुशखबरी
- Ladli Bahan Yojana: आज मध्य प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में लाडली बहन योजना के पैसे भेजे जाएंगे। इसके अलावा महिलाओं के खातों में दो और योजनाओं के पैसे भेजे जाएंगे।

Ladli Bahan Yojana: मध्यप्रदेश की लाडली बहनों के लिए आज खुशखबरी का दिन है। एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के खाते में योजना का पैसा ट्रांसफर करेंगे। इसके अलावा मोहन यादव मध्य प्रदेश में लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन और सिलेंडर रिफिलिंग का पैसा भी लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंडला जिले के ग्राम टिकरवारा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और सिलेंडर रिफिलिंग योजना का पैसा लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। वे सामूहिक विवाह-निकाह कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कितनी महिलाओं को मिलेगा पैसा
मुख्यमंत्री प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख हितग्राही महिलाओं के खातों में अप्रैल माह की किस्त 1552 करोड़ 38 लाख रूपये अंतरित करेंगे। 'लाड़ली बहनों' को मिलने वाली यह 23वीं किस्त है। योजना में प्रत्येक लाभार्थी को हर महीने 1250 रूपये उनके खातों में ट्रांसफर की जाती है।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर 56 लाख 68 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के खातों में 340 करोड़ रूपए ट्रांसफर करेंगे। मुख्यमंत्री 25 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग की 57 करोड़ की राशि भी उनके खातों में सिंगल क्लिक से भेजेंगे।
बता दें कि मध्य प्रदेश में साल 2023 में चुनावों के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि प्रदेश में फिर से उनकी सरकार बनने के बाद महिलाओं को लाडली बहन योजना का पैसा बढ़ाकर दिया जाएगा। चुनाव में मिली जीत के बाद मोहन यादव सरकार ने अपना वादा निभाते हुए महिलाओं के खातों में पैसे भेजने शुरू कर दिए थे। अब तक एमपी सरकार ने महिलाओं के खातों में 22 किस्त का पैसा भेज दिया है। आज मोहन यादव एक बार फिर से लाडली बहनों के खातों में पैसा ट्रांसफर करेंगे। इससे प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में पैसा ट्रांसफर हो जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।