मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश; कोहरा भी करेगा परेशान, आगे मौसम पर क्या अनुमान?
Madhya Pradesh Weather: मध्य प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर बारिश से मौसम बदल गया है। कुल मिलाकर लोगों को कड़ाके की ठंड से निजात मिलने की संभावना नहीं है। जानें अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
मध्य प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। इससे मौसम बदल गया है। बादल छाए रहने और ठंड बढ़ने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में कहीं कहीं, नर्मदापुरम, ग्वालियर और सागर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर जबकि चंबल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। अब जैसे जैसे गलन बढ़ेगी ठंड में भी बढ़ोतरी देखी जाएगी।
बादल छाए रहने और बारिश के चलते भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। भिंड, मुरैना, ग्वालियर, श्योपुर, मंदसौर, नीमच, रतलाम और आगर जिलों में मध्यम कोहरा छाया रहा। शिवपुरी, उज्जैन, शाजापुर, राजगढ़, भोपाल, गुना, छतरपुर, पन्ना, सतना, सागर और विदिशा जिलों में हल्के कोहरे का प्रभाव रहा। मध्य प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता दो सौ मीटर ग्वालियर एयरपोर्ट पर रही।
मध्य प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस मंडला में रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक दिन का तापमान नर्मदापुरम में 29 डिग्री दर्ज किया गया। मौजूदा वक्त में पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर स्थित है। इन वजहों से मध्य प्रदेश में बारिश वाला मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान एमपी में अनेक स्थानों पर बारिश, गरज चमक के साथ बादल छाए रहने और कोहरा पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, पांढुणा जिलों के अलग अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योंपुरकलां जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। फिलहाल कोहरे का असर उत्तरी अंचल में ज्यादा देखा जा रहा है। कुल मिलाकर लोगों को कड़ाके की ठंड से निजात मिलने की संभावना नहीं है। पहाड़ों पर बर्फबारी और सर्द हवाओं के चलते मध्य प्रदेश में भी पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अब बारिश के बाद जैसे जैसे गलन बढ़ेगी ठंड में बढ़ोतरी के आसार बन रहे हैं।