कर्नल सोफिया पर विवादित बयान; मंत्री विजय शाह की बढ़ीं मुश्किलें, HC ने FIR के दिए आदेश
कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR करने के आदेश दिए हैं।

कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR करने के आदेश दिए हैं। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने भाजपा सरकार में मंत्री कुंवर विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी का स्वत: संज्ञान लिया। अदालत ने मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
जस्टिस अतुल श्रीधरन की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को बुधवार शाम तक आरोपी मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें न्यायालय की अवमानना अधिनियम के तहत कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा। अदालत ने कहा कि विजय शाह के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जानी चाहिए।
जब महाधिवक्ता ने इस मसले पर समय मांगा तो न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि मैं कल जीवित नहीं रह सकता… इसके साथ ही अदालत की ओर से राज्य के महाधिवक्ता प्रशांत सिंह को सख्त निर्देश जारी किए गए। अदालत ने कहा कि हर हाल में FIR हो जानी चाहिए। अदालत ने यह भी कहा कि वह कल सुबह सबसे पहले इसी मामले पर अगली सुनवाई करेगी।
मंत्री के वकील ने तर्क दिया कि न्यायालय का आदेश केवल समाचार पत्रों की रिपोर्टों पर आधारित है। वहीं न्यायालय ने कहा कि वह अब आधिकारिक रिकॉर्ड में वीडियो लिंक भी शामिल करेगी। बता दें कि सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की वो अधिकारी हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के बारे में मीडिया को जानकारी दी थी।
इस बीच इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख जीतू पटवारी ने मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा- हमने मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने सेना के अधिकारियों और बहनों का अपमान किया है। यदि उन्हें 24 घंटे के भीतर बर्खास्त नहीं किया गया, तो हम देश के सभी थानों में विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।
इस बीच इंदौर कांग्रेसी महिला पार्षद यशस्वी अमित पटेल ने मंत्री विजय शाह का मुंह काला करने वाले के लिए 51,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की। वार्ड क्रमांक 20 की पार्षद यशस्वी पटेल ने कहा कि जो भी विजय साहब का मुंह काला करके आएगा उसे मैं 51,000 रुपये का इनाम दूंगी। इस तरह की राजनीति करना देश के मंत्रियों को शोभा नहीं देता है। विजय शाह पर यह कोई पहला मामला नहीं है जब उन्होंने इस तरह की गलत टिप्पणी की है। ऐसे मंत्री से इस्तीफा ले लेना चाहिए।