MP में होली के दिन 31 क्विंटल गांजा बरामद, ओडिशा से ले जाया जा रहा था दिल्ली
मध्य प्रदेश में पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रक से 31 क्विंटल गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत 6 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

मध्य प्रदेश में पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रक से 31 क्विंटल गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत 6 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश की मुरैना जिला पुलिस ने होली के दिन शुक्रवार को एक ट्रक से करीब 31 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया। बरामद गांजे की कीमत पुलिस ने छह करोड़ रुपए से अधिक बताई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में पशु आहार के बीच कट्टों में भरकर बड़ी मात्रा में अवैध गांजा तस्करी कर दिल्ली की तरफ ले जाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर उक्त ट्रक को पकड़ने के लिए चेक प्वाइंट बनाए गए। शायद ट्रक चालक को इसकी भनक लग गई। उसने ट्रक को टोल प्लाजा की तरफ से न ले जाकर सविता पूरा नहर के जरिए ले जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो पशु आहार के कट्टों के बीच अवैध गांजे से भरे हुए कट्टे मिले।
पुलिस ने जब उसकी तौल कराई तो उसका वजन तीस क्विंटल नब्बे किलो दो सौ ग्राम निकला। इसकी कीमत छह करोड़ बीस लाख रुपए बताई जाती है। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक से जब कड़ी पूछताछ की गई तो उसने उक्त गांजे की इस बड़ी खेप को ओडिशा से दिल्ली तस्करी के लिए ले जाना बताया। पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस ट्रक चालक से अभी और बारीकी से पूछताछ कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।