Delhi Bjp Raja Iqbal Singh WIN MCD Mayor Election Triple Engine Government दिल्ली में अब BJP की ट्रिपल इंजन की सरकार, राजा इकबाल सिंह बने नगर निगम के मेयर, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Delhi Bjp Raja Iqbal Singh WIN MCD Mayor Election Triple Engine Government

दिल्ली में अब BJP की ट्रिपल इंजन की सरकार, राजा इकबाल सिंह बने नगर निगम के मेयर

BJP Win Delhi MCD Mayor Election: राजा इकबाल सिंह भाजपा के संयुक्त दिल्ली नगर निगम के मेयर चुने गए हैं। उन्हें 133 वोट मिले जबकि कांग्रेस के मेयर पद के उम्मीदवार को 8 वोट मिले। कुल 142 में से 141 वोट काउंट हुए, एक वोट अवैध घोषित किया गया।

Aditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राहुल मानवFri, 25 April 2025 04:43 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में अब BJP की ट्रिपल इंजन की सरकार, राजा इकबाल सिंह बने नगर निगम के मेयर

BJP Win Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली में अब BJP की ट्रिपल इंजन की सरकार आ गई है। बीजेपी के राजा इकबाल सिंह मेयर चुनाव जीत गए हैं। 133 वोट प्राप्त करते हुए राजा इकबाल सिंह भाजपा के संयुक्त दिल्ली नगर निगम के मेयर चुने गए। कांग्रेस के मेयर पद के उम्मीदवार को महज 8 वोट मिले। कुल 142 में से 141 वोट काउंट हुए, एक वोट अवैध घोषित किया गया।

वहीं कांग्रेस की डिप्टी मेयर पद की उम्मीदवार पार्षद आरीबा खान ने नाम वापस लिया। अब भाजपा के जय भगवान यादव डिप्टी मेयर के तौर पर निर्विरोध चुने गए हैं। दिल्ली नगर निगम की सत्ता में संख्याबल को देखते हुए 25 अप्रैल को होने वाले मेयर और डिप्टीमेयर चुनाव में भाजपा का जीतना लगभग तय माना जा रहा था। अब ढाई साल बाद संयुक्त दिल्ली नगर निगम में भाजपा सत्ता पर लौटी है। इससे पहले निगम में भाजपा ने 15 वर्ष सत्ता संभाली थी। हालांकि, अब मौजूदा समय में निगम के प्रशासनिक कामकाज को लेकर सामने कई चुनौतियां हैं।

मेयर बनने के बाद राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम में अब तक लगाए टैक्स जैसे यूजर चार्ज को हटाने, कच्चे को पक्का करने का फ़ैसले करेंगे। साथ ही, निगम की प्राथमिक शिक्षा को बेहतर करने और बदहाल पार्कों की स्थिति को ठीक करने के लिए भी काम करेंगे।

अवैध निर्माण, कूड़ा फैलने, जलभराव की समस्या को हल करने की चुनौती

दिल्ली में अवैध निर्माण की रोकथाम और खतरनाक इमारतों के सर्वे जैसी कई चुनौती का भाजपा को सामना करना पड़ेगा। साथ ही स्थाई समिति के गठन न होने के कारण कई परियोजनाओं पर असर पड़ा। इस समिति के गठन न होने की वजह से ढाई वर्ष से निगम के प्रशासनिक कामकाज ठीक ढंग से नहीं हो पाया। इसके अलावा दिल्ली में पार्कों की खराब हालत, कई जगहों पर कूड़े के फैलने, जलभराव की समस्या और कूड़े पर आग लगाने की घटनाओं को रोकना भी चुनौती भरा रहेगा। हालांकि, भाजपा के महापपौर पद के उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह ने स्थाई समिति के गठन और अन्य निगम से जुड़ी समस्याओं को हल करने की बात सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद कहीं थी।

इन प्रमुख मुद्दों पर समाधान करने की प्राथमिकता बताई

- राजा इकबाल सिंह ने कहा था कि हमारी प्राथमिकता दिल्ली की साफ सफाई को लेकर कार्य करने पर जोर रहेगा। विभिन्न स्थानों पर मौजूद कूड़े को हटाने का कार्य सुनिश्चित करेंगे। कूड़े के पहाड़ को कम करने के लिए प्रयास तेज करेंगे। दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाएंगे।

- दिल्ली को हरा भरा बनाने के लिए पार्कों में हरियाली को बढ़ाएंगे। पार्कों के रखरखाव को लेकर लगातार काम होगा। पार्कों की बदहाली को दूर करेंगे।

- दिल्ली में व्यापारियों के लिए लाइसेंस को लेकर हो रही समस्याओं को खत्म करने के लिए योजना के तहत कार्य करेंगे। इसमें प्राथमिकता रहेगी कि इंस्पेक्टर राज को निगम में खत्म करेंगे।

- निगम के स्वास्थ्य व्यवस्था को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए निगम के सभी अस्पतालों में सुविधाओं को और भी बेहतर किया जाएगा। साथ ही, निगम के प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए योजना बनाएंगे। विद्यालयों में छात्रों को विभिन्न सुविधाएं लगातार उपलब्ध होगी

- मानसून के दौरान जलभराव की दिक्कतों को दूर करने नालियों से गाद निकालने की लगातार समीक्षा होगी। दिल्ली के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए काम होगा।

तीन महीने का लक्ष्य निर्धारित किया, स्थाई समिति के गठन का प्रयास तेज करेंगे

मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हमने तीन महीने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दौरान दिल्ली की सफाई व्यवस्था के लिए काम करेंगे। कूड़े के पहाड़ को कम करने के लिए दिल्ली सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। विभिन्न स्थानों में फैले कूड़े को खत्म करेंगे। नालियों से गाद निकालेंगे। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या न आए, इस पर काम करेंगे। एक महीने के अंदर स्थाई समिति के गठन करने की तैयारी है। आम आदमी पार्टी ने ढाई साल से स्थाई समिति का गठन नहीं होने दिया। स्थाई समिति के गठन का प्रयास तेज करेंगे।

स्कूली शिक्षा से जुड़े मुद्दों और समस्याओं को हल करेंगे : जय भगवान

जय भगवान यादव ने कहा था कि हमारी प्राथमिकता निगम की स्कूली शिक्षा को बेहतर करने पर रहेगी। जोन स्तर पर सफाई कर्मचारियों और शिक्षकों की कमी के मुद्दे को भी दूर करेंगे। हर सप्ताह लगातार जोन स्तर पर जमीनी स्तर पर निरीक्षण करेंगें। जहां पर भी सफाई व्यवस्था और अन्य में कमी होने पर कार्रवाई करेंगे।

निगम की कई समितियों के महत्वपूर्ण पदों पर रहे चुके हैं भाजपा के महापौर राजा इकबाल सिंह

महापौर और मुखर्जी नगर वार्ड से दो बार पार्षद राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हम निगम की सत्ता में लौटने के बाद कई बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देंगे।

इन पदों पर रहे महापौर

- इससे पहले फरवरी 2022 से राजा इकबाल सिंह निगम में नेता विपक्ष के पद अब तक संभाल रहे थे।

- उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर रह चुके हैं राजा इंकबाल सिंह

- भाजपा के मुखर्जी नगर से

दो बार पार्षद रहे राजा इकबाल सिंह वर्ष 2017 से 2022 और फिर 2022 के बाद इस वार्ड से पार्षद के तौर पर जीते।

-राजा इकबाल सिविल लाइन जोन में वार्ड समिति के उपाध्यक्ष वर्ष 2018 से 2018 के दौरान रहे।

- वर्ष 2018 से 2020 तक निगम की पर्यावरण समिति के अध्यक्ष रहे।

- वर्ष 2021 से 2021 के दौरान सिविल लाइंस जोन के अध्यश रहे।

- वर्ष 2021 से 2022 तक पूर्ववर्ती उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर पद रहे।

यहां से किया शिक्षण

राजा इकबाल सिंह ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से वर्ष 2007 से 2010 एलएलबी की पढ़ाई की है। इससे पहले नॉर्थ कैंपस दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से वर्ष 1989-1992 से बीएससी की पढ़ाई की थी। राजनीति में आने से पहले व्यवसायिक सलाहकार के तौर पर कार्यरत करते रहे।