बेटी से रेप और शख्स की हत्या कर 17 साल तक फरार; दिल्ली पुलिस ने चलती ट्रेन से दबोचा
दिल्ली पुलिस ने बीते 17 साल से फरार रेप और हत्या के एक आरोपी को चलती ट्रेन से दबोचा है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए महाराष्ट्र में चलती ट्रेन में रेड की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आलम के खिलाफ 30 अक्टूबर 2008 को हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था, लेकिन वह फरार हो गया। यही नहीं आलम की बेटी ने 2021 में उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। बेटी ने दिल्ली के लक्ष्मी नगर में उसके खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज कराई थी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी आलम 28 फरवरी, 2023 को दी गई अंतरिम जमानत का उल्लंघन करके फरार हो गया। इसी साल दिसंबर में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छह मई को मिली सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम एमपी के इटारसी में श्रमिक एक्सप्रेस में सवार हुई और चलती ट्रेन में गहन तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान तीन से चार घंटे तक चला।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने हर कोच की सघन छानबीन की। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को जलगांव जंक्शन पर गिरफ्तार कर लिया गया। यह अभियान सावधानीपूर्वक योजना और दृढ़ संकल्प के साथ संचालित किया गया। इसमें 20 घंटे में 1,100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई।
पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में आलम ने कई बार अपनी पहचान बदली। पुलिस से बचने के लिए उसने भेष और ठिकाने बदले हैं। उसने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार, दिल्ली और महाराष्ट्र में घूमता रहा। पुलिस ने बताया कि उसके कई पते हैं और निगरानी से बचने के लिए वह अपने मोबाइल नंबर बदलता रहता है।
आरोपी गुजरात के वलसाड जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसको दबोच लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिहार पुलिस को आलम की गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। उसे महाराष्ट्र की एक स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद दिल्ली लाया गया है। अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है।